गणेश प्रतिमा मिलना शुभ संकेत, सम्मानपूर्वक किया अंगीकार: प्रगतिशील कुमावत समिति ने वंचित कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
उदयपुरवाटी/चिराना (सुमेर सिंह राव) प्रसिद्ध तीर्थस्थल लोहार्गल के मुख्य मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध गणेश मंदिर परिसर में सोमवार को गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर प्रगतिशील कुमावत समिति की ओर से विशेष पूजा-अर्चना एवं सम्मान समारोह का आयोजन श्रद्धा व उल्लास के साथ किया गया।
समारोह के दौरान प्रथम पूज्य भगवान गणेश का विधि-विधान से पूजन कर गुड़धानी का भोग लगाया गया तथा क्षेत्रवासियों और समाज की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम समिति के संरक्षक डॉ. राजेंद्र कुमावत एवं अध्यक्ष प्रकाश प्रजापति के सानिध्य में संपन्न हुआ।
- वंचित कार्यकर्ताओं का किया सम्मान
समिति की ओर से लोहार्गल मेले में अतुलनीय सहयोग देने वाले भामाशाहों एवं कार्यकर्ताओं के सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पूर्व में वंचित रहे सहयोगियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में डॉ. राजेंद्र कुमावत, लोकतंत्र सेनानी सोनाराम कुमावत एवं अध्यापक संतोष कुमावत का सम्मान किया गया।
- गणेश प्रतिमा को माना शुभ संकेत
सम्मान स्वरूप प्राप्त भगवान गणेश के मोमेंटो को डॉ. राजेंद्र कुमावत, सोनाराम कुमावत और संतोष कुमावत ने सहर्ष व सम्मानपूर्वक अंगीकार किया। उन्होंने इस स्मृति चिह्न को जीवन में शुभ संकेत और मंगलकारी स्मृति बताते हुए समिति का हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रजापति धर्मशाला अध्यक्ष फूलचंद लुहानीवाल, मूलचंद फौजी, हरिप्रसाद अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, प्रभुदयाल किरोड़ीवाल (महाराज) एवं ग्यारसी देवी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में समिति के सचिव अमोलक पारमुवाल ने सभी अतिथियों और पधारे हुए लोगों का आभार प्रकट किया। धार्मिक आस्था और सेवा भावना से ओतप्रोत इस आयोजन ने गणेश चतुर्थी के पर्व को यादगार बना दिया।

