जहाजपुर में चला ‘गोपीचंद मीणा मैजिक’! भाजपा की बंपर जीत, 25 में 15 सीटों पर कब्जा

जनता ने फिर जताया भाजपा पर भरोसा, कांग्रेस सिमटी महज 3 सीटों पर; 7 वार्डों में निर्दलीयों ने मारी बाजी

Sep 14, 2026 - 18:26
Sep 14, 2026 - 18:26
 0
जहाजपुर में चला ‘गोपीचंद मीणा मैजिक’! भाजपा की बंपर जीत, 25 में 15 सीटों पर कब्जा

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) नगर पालिका चुनाव के नतीजों ने जहाजपुर की सियासी तस्वीर साफ कर दी है। 25 वार्डों वाली नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी ने 15 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। भाजपा की इस बंपर जीत के साथ ही पालिका में एक बार फिर पार्टी का दबदबा कायम हो गया है। वहीं कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा और पार्टी महज 3 सीटों पर सिमट गई। 7 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया।

  • जनता ने भाजपा पर फिर जताया विश्वास

चुनाव परिणामों से साफ है कि जहाजपुर की जनता ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर अपना भरोसा जताया है। भाजपा की स्पष्ट बहुमत वाली जीत ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह भर दिया। चुनाव से पहले भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा द्वारा किए जा रहे जीत के दावों को परिणामों ने सही साबित कर दिया। राजनीतिक गलियारों में अब भाजपा की इस जीत को ‘गोपीचंद मीणा के जादू’ से जोड़कर देखा जा रहा है।

  • विरोधियों की बोलती बंद

भाजपा की 15 सीटों पर जीत ने चुनावी मैदान में पार्टी की मजबूत पकड़ का संदेश दिया है। परिणाम आने के बाद विधायक गोपीचंद मीणा के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों का कहना है कि विधायक की रणनीति, संगठन की मेहनत और मतदाताओं के भरोसे ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत तक पहुंचाया।

  • कांग्रेस को टिकट वितरण का खामियाजा!

कांग्रेस के लिए चुनाव परिणाम बड़ा झटका साबित हुए। पार्टी सिर्फ 3 वार्डों में जीत दर्ज कर सकी। चुनाव के दौरान टिकट वितरण को लेकर उठे सवालों और संगठनात्मक कमजोरी का खामियाजा कांग्रेस को परिणामों में भुगतना पड़ा। कई वार्डों में पार्टी के सामने बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों की चुनौती भी दिखाई दी।

  • 7 वार्डों में निर्दलीयों का दबदबा

भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबले के बावजूद 7 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर दोनों प्रमुख दलों को बड़ा संदेश दिया। इन परिणामों से साफ है कि कई वार्डों में स्थानीय प्रत्याशी, व्यक्तिगत जनाधार और वार्ड स्तर की समीकरणों ने भी अहम भूमिका निभाई।

  • दादा हारे, पोती ने मारी बाजी

चुनाव परिणाम का सबसे चर्चित मुकाबला दादा नजीर सरवरी और पोती सानिया खानम से जुड़ा रहा। जहां दादा नजीर सरवरी को हार का सामना करना पड़ा, वहीं पोती सानिया खानम ने जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पारी की शानदार शुरुआत की। यह मुकाबला चुनाव परिणाम के बाद जहाजपुर में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।

  • पति-पत्नी दोनों ने जीता चुनाव

चुनाव में कांता मीणा और नरेश मीणा ने भी जीत दर्ज की। पति-पत्नी दोनों के पार्षद चुने जाने से यह जोड़ी भी चर्चा में आ गई है।

  • कई पुराने चेहरों ने फिर दर्ज की जीत

पालिका चुनाव में कई मौजूदा पार्षदों ने अपनी जीत दोहराई। नरेश मीणा, कांता मीणा, काली देवी मीणा, मुजम्मिल शेर पठान, राजकुमार माली और प्रमोद देवी शर्मा दोबारा जीतकर सदन में पहुंचे हैं। इनकी जीत को उनके वार्डों में मजबूत जनाधार के रूप में देखा जा रहा है।

  • पार्षद पति से खुद पार्षद बने

इस चुनाव में कुछ ऐसे भी रोचक परिणाम सामने आए, जहां पहले पार्षद पति की भूमिका में रहे चेहरों ने अब खुद चुनाव जीतकर पार्षद की कुर्सी हासिल कर ली। पंकज घारू और रईश केजीएन पार्षद बनकर अब सीधे पालिका की राजनीति में अपनी भूमिका निभाएंगे।

  • बेटे के बाद पिता की एंट्री

एक और दिलचस्प परिणाम में पहले दीपक मीणा पार्षद रह चुके हैं, जबकि अब उनके पिता बन्ना लाल मीणा ने चुनाव जीतकर पालिका में अपनी जगह बनाई है। इसे परिवार की राजनीतिक निरंतरता के रूप में देखा जा रहा है।

  • अब चेयरमैन की कुर्सी पर निगाहें

भाजपा के स्पष्ट बहुमत हासिल करने के बाद अब जहाजपुर की सियासत का अगला केंद्र नगर पालिका चेयरमैन की कुर्सी बन गई है। 15 भाजपा पार्षदों के साथ पार्टी मजबूत स्थिति में है, ऐसे में चेयरमैन पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होना तय माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा किस चेहरे पर दांव लगाती है और निर्दलीय पार्षदों की भूमिका आगे क्या रहती है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................