मातम में बदलीं बेटे के जन्मदिन की खुशियां: DJ का तार जोड़ते समय करंट लगने से पिता की दर्दनाक मौत
रीचौरा के चकदेइया में करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, बेटे के जन्मदिन का जश्न मातम में बदला
चौरीचौरा (गोरखपुर) शशि जायसवाल
चौरीचौरा थाना क्षेत्र के चकदेइया गांव में शुक्रवार रात एक बेहद दुखद हादसा सामने आया, जहां अपने बेटे के जन्मदिन की तैयारियों में जुटे 35 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। DJ का तार जोड़ते समय हुए इस हादसे से परिवार की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।
ठेला लगाकर चलाता था परिवार का खर्च: मृतक की पहचान बशारतपुर निवासी शामुएल बरना बास (35) पुत्र इमानुएल बरना बास के रूप में हुई है। शामुएल पिछले कुछ समय से अपने ससुराल चकदेइया में रहकर घर के सामने अंडे का ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम: परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे बेटे के जन्मदिन के कार्यक्रम के लिए DJ का कनेक्शन जोड़ा जा रहा था। इसी दौरान शामुएल अचानक हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास के लोग आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चौरीचौरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़: बताया जा रहा है कि शुक्रवार को शामुएल के बेटे का जन्मदिन था और जल्द ही उसकी छोटी बेटी का भी पहला जन्मदिन आने वाला था। घर में दोहरी खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

