राजकीय महाविद्यालय खैरथल में गूंजा महाराणा प्रताप का शौर्य: दिवेर विजय महोत्सव पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित
खैरथल / हीरालाल भूरानी
राजकीय महाविद्यालय खैरथल में दिवेर विजय महोत्सव के तहत भाषण प्रतियोगिता संपन्न, सानिया प्रथम
खैरथल। राजकीय महाविद्यालय, खैरथल में दिवेर विजय महोत्सव-2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय “विजयी योद्धा एवं कुशल प्रशासक के रूप में महाराणा प्रताप” रखा गया, जिसमें क्षेत्र के 7 प्रमुख महाविद्यालयों के 21 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं ने अपने जोशीले वक्तव्यों से महाराणा प्रताप के शौर्य, राष्ट्रनिष्ठा और अद्वितीय नेतृत्व क्षमता को जीवंत कर दिया।
विजेता प्रतिभागी और अगला पड़ाव
कड़े मुकाबले के बीच राजकीय महाविद्यालय खैरथल की सानिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय महाविद्यालय टपूकड़ा की दीपिका द्वितीय तथा राजकीय महाविद्यालय खैरथल की नेहा तृतीय स्थान पर रहीं। ये सभी विजेता आगामी 17-18 सितम्बर को जयपुर में आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय कार्यक्रम में खैरथल-तिजारा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
निर्णायक मंडल व संबोधन
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. मनोज चौपड़ा, प्रियंका गुप्ता, नूरजमान खान और डॉ. जाकिर हुसैन ने निभाई। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. महेश गोठवाल ने विद्यार्थियों को भाषण कला की बारीकियां समझाते हुए ऐतिहासिक महापुरुषों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
"युवाओं के ओजस्वी भाषणों ने ताजा की महाराणा प्रताप के संघर्ष और कुशल प्रशासन की यादें।"

