रॉकेट लर्निंग और ICDS की पहल: 25 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सीखीं बाल-केंद्रित शिक्षण की प्रभावी तकनीकें
भरतपुर/रूपवास (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
रूपवास के पहाड़पुर सेक्टर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 3 घंटे का क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित
भरतपुर। प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) को अधिक बाल-केंद्रित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग, 'रॉकेट लर्निंग' संस्था तथा समेकित बाल विकास सेवा (ICDS) के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को प्रथम चरण का क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया गया। रूपवास उपखंड क्षेत्र के पहाड़पुर सेक्टर में आयोजित इस तीन घंटे के सत्र में 25 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
खेल और गतिविधियों से सीखीं शिक्षण तकनीकें
आईसीडीएस उप निदेशक सिकरामाराम चोयल ने बताया कि जिला समन्वयक प्राची चौधरी और सुपरवाइजर कमलेश चौधरी के नेतृत्व में यह प्रशिक्षण संपन्न हुआ। इसमें कार्यकर्ताओं को कागज के गिलासों से टावर बनाने जैसी रोचक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के शुरुआती वर्षों को मजबूत नींव देने का महत्व समझाया गया। इसके अलावा, बाल मनोविज्ञान, संज्ञानात्मक विकास और अनुभव आधारित अधिगम की बारीकियों से अवगत कराया गया।
अनुभव आधारित और आनंददायक वातावरण पर जोर
प्रशिक्षण में खाद्य पदार्थों के चित्रों और वास्तविक सामग्रियों के जरिए गतिविधियां कराई गईं। प्रशिक्षकों ने बल दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर ऐसा आनंददायक माहौल तैयार किया जाए जहां बच्चे छूकर, महसूस करके, प्रश्न पूछकर और स्वयं भाग लेकर सीख सकें।
कार्यकर्ताओं ने दिखाई सक्रिय सहभागिता
सत्र के दौरान सुमन कुमारी, विनीता, राजकुमारी, रचना, संगीता, बबली, सरोज, राजन देवी, बबीता, सुमनलता और निर्मला देवी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए।
"खेल-खेल में शिक्षा: शुरुआती पोषण, देखभाल और गुणवत्तापूर्ण माहौल से मजबूत होगी बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला।"

