डीग जिला में शिक्षक संघ की बैठक: "हमारा विद्यालय, हमारा तीर्थ" पर मंथन; प्रार्थना सभा को रोचक बनाने पर विशेष कार्यशाला
डीग (नीरज जैन) अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की जिला डीग इकाई की बैठक एवं जिला स्तरीय कार्यशाला रविवार को राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, पुराना बस स्टैंड, डीग में आयोजित हुई। जिलाध्यक्ष अनिल सीही की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला में "हमारा विद्यालय, हमारा तीर्थ" एवं "प्रार्थना सभा को रोचक एवं प्रभावी कैसे बनाया जाए" विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
पहला सत्र: प्रार्थना सभा को बनाएं संस्कार का माध्यम
कार्यशाला के प्रथम सत्र में प्रार्थना सभा को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि प्रार्थना सभा केवल औपचारिकता न रहकर विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति का सशक्त माध्यम बनना चाहिए। इसमें प्रेरक प्रसंग, सुविचार, समाचार वाचन, सामान्य ज्ञान, योग-व्यायाम, देशभक्ति गीत, महापुरुषों के जीवन प्रसंग, संस्कृत श्लोक और विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को मंच देने जैसी गतिविधियां शामिल करने पर बल दिया गया।
यह भी सुझाव आया कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से प्रार्थना सभा का संचालन कराने से उनमें मंच संचालन, वक्तृत्व कला, समय प्रबंधन और नेतृत्व जैसे गुण विकसित होते हैं। जिलाध्यक्ष अनिल सीही ने प्रार्थना सभा को विद्यालय के वातावरण को सकारात्मक और संस्कारमय बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
- दूसरा सत्र: विद्यालय है व्यक्तित्व निर्माण का पवित्र केंद्र
द्वितीय सत्र "हमारा विद्यालय, हमारा तीर्थ" विषय पर केंद्रित रहा। जिला संगठन मंत्री सूरजभान सिंह ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्ति का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार, राष्ट्र चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का पवित्र केंद्र है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से विद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन और आत्मीयता का भाव विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, कर्तव्यबोध, पर्यावरण संरक्षण, सेवा-सहयोग और राष्ट्रप्रेम जैसे जीवन मूल्यों से जोड़ना जरूरी है। संस्कारमय व प्रेरणादायी विद्यालयी वातावरण ही जिम्मेदार और राष्ट्रहित समर्पित नागरिक तैयार करता है।
कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री सूरजभान सिंह, जिला महिला संगठन मंत्री मीना लखानी, जिला महिला मंत्री मंजूलता अवस्थी, महिला उपाध्यक्ष सुनीता सहित सौरभ शर्मा, होशियार सिंह, राजेश यादव, ब्रह्मानंद, प्रदीप कुमार गुप्ता, दाऊ कुमार, आनंद जोशी, थान सिंह, बंसीलाल, भगत सिंह, हरवीर यादव, ममता सैनी, ज्योति कुमारी, ममता मीना सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री देवेंद्र यादव ने किया।

