15 दिन की चुनावी भागदौड़ के बाद रिसॉर्ट में फुर्सत के पल, कांग्रेस प्रत्याशियों ने किया आगे की रणनीति पर मंथन
हरिशंकर मेवाड़ा बोले- मजबूत प्रत्याशियों ने भाजपा को दी कड़ी टक्कर, परिणाम को लेकर प्रत्याशियों से लिया वार्डवार फीडबैक
सुमेरपुर (बरकत खान) नगर निकाय चुनाव की करीब 15 दिन तक चली भागदौड़, जनसंपर्क और प्रचार अभियान के बाद मतदान पूरा होते ही कांग्रेस प्रत्याशियों ने रविवार बाड़ाबंदी के दाैरान फुर्सत के पलों में आनंद लिया। चुनावी थकान के बीच कांग्रेस के कई प्रत्याशी उदयपुर साइड स्थित एक रिसॉर्ट में जुटे। यहां स्वीमिंग पुल में नहाकर थकान उतारी। प्रत्याशियों ने आपस में चुनावी अनुभव साझा किए और मतदान के बाद वार्डवार समीकरणों पर चर्चा करते हुए संभावित परिणाम का आकलन किया।
रिसॉर्ट में कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा ने भी प्रत्याशियों से फीडबैक लिया। इस दाैरान सुमेरपुर विधानसभा प्रभारी मकसुद अहमद,सेवादल प्रदेश उपाध्यक्ष माेहन हटेला, मानसिंह रामनगर सहित अन्य माैजूद रहें। इस दौरान अलग-अलग वार्डों में मतदान की स्थिति, मतदाताओं के रुझान, प्रत्याशियों की स्थिति और संभावित परिणाम को लेकर चर्चा हुई। करीब 15 दिन तक लगातार चुनावी मैदान में रहने के बाद प्रत्याशी कुछ समय के लिए राजनीतिक गहमागहमी से दूर नजर आए और आपसी बातचीत के साथ फुर्सत के पलों का आनंद लेते दिखे।
मजबूत प्रत्याशियों ने भाजपा को दी कड़ी टक्कर
हरिशंकर मेवाड़ा ने कहा कि कांग्रेस ने इस बार मजबूत और जमीन से जुड़े प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था। सभी प्रत्याशियों ने मजबूती से चुनाव लड़ा और भाजपा प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर दी। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद प्रत्याशियों से मिले फीडबैक के आधार पर कांग्रेस कई वार्डों में मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।
उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी, लेकिन चुनाव प्रचार और मतदान के दौरान कांग्रेस को मतदाताओं का अच्छा समर्थन मिला। प्रत्याशियों के साथ चुनावी अनुभवों और परिणाम के बाद की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
परिणाम से पहले जीत-हार के समीकरणों पर चर्चा
मतदान खत्म होने के बाद प्रत्याशी अपने-अपने वार्ड के आंकड़ों और समीकरणों का आकलन करने में जुटे हैं। किस वार्ड में किस प्रत्याशी की स्थिति मजबूत है और कहां मुकाबला कांटे का रहा, इसे लेकर प्रत्याशियों व समर्थकों के बीच चर्चाओं का दौर जारी है। रविवार को रिसॉर्ट में भी यही चुनावी चर्चाएं केंद्र में रहीं। प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्ड का फीडबैक साझा किया और संभावित परिणाम को लेकर अनुमान लगाए। 14 सितंबर को परिणाम घोषित होने के साथ ही कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। फिलहाल परिणाम से पहले प्रत्याशियों में उत्सुकता के साथ जीत-हार को लेकर कयासों का दौर जारी है।

