चौरीचौरा में बड़ा हादसा टला: गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, दमकल विभाग ने पाया काबू
चौरीचौरा के आमकोल में गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में लगी आग, दमकल टीम की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
गोरखपुर / शशि जायसवाल चौरीचौरा थाना क्षेत्र के आमकोल गांव में शुक्रवार देर रात गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। ट्रक में बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर लदे होने के कारण विस्फोट की आशंका से आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए। हालांकि, सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया।
सुरक्षा के लिए बनाया घेरा: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके को सील किया और आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेजा। फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को सिलेंडरों तक फैलने से पहले ही बुझा दिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस जांच जारी: क्षेत्राधिकारी (सीओ) चौरीचौरा कुंदन सिंह ने बताया कि 11/12 सितंबर की मध्य रात्रि ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया था। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

