बुगाला में संत चरणदास महाराज की जयंती धूमधाम से मनाई, हुआ रात्रि जागरण
बुगाला (सुमेर सिंह राव) निकटवर्ती खीवाणा धाम स्थित मंदिर में संत शिरोमणि चरणदास महाराज की जयंती श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की।
दातार सिंह व मुकेश कुमार रावण राजपूत ने बताया कि जयंती के उपलक्ष्य में रविवार रात भव्य जागरण आयोजित किया गया। जागरण में झुंझुनूं एवं गुसाइयों की ढाणी से आए प्रसिद्ध भजन कलाकारों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक धार्मिक भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
सोमवार सुबह मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद महाआरती की गई। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर विजेंद्र बुगालिया, नंदलाल, कल्याण सिंह, विजय जांगिड़, विक्रम सिंह शेखावत, राजवीर, नरेंद्र सिंह, संदीप सिंह, अनिल स्वामी, शक्ति सिंह तथा राजेंद्र जांगिड़ सहित अनेक ग्रामीण व श्रद्धालु मौजूद रहे।

