नौगांवा नगरपालिका पर भाजपा का कब्ज़ा: बिरमा देवी बनीं पहली पालिकाध्यक्ष, कांग्रेस की ममता को 8 वोटों से हराया
नौगांवा (अलवर) अलवर जिले की नवनिर्मित नौगांवा नगरपालिका को अपनी पहली निर्वाचित अध्यक्ष मिल गई हैं। सोमवार को संपन्न हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी बिरमा देवी ने 14 मत हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की ममता को 8 मतों से पराजित किया।
- बहुमत से आगे निकला भाजपा का आंकड़ा
कुल 20 वार्डों वाली नौगांवा नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 11 था। चुनाव परिणाम के अनुसार, वार्ड संख्या 8 से निर्वाचित भाजपा प्रत्याशी बिरमा देवी को भाजपा के 13 मूल पार्षदों के साथ 1 निर्दलीय का समर्थन मिला, जिससे उनका कुल आंकड़ा 14 पर पहुंच गया। वहीं, वार्ड संख्या 9 से जीतीं कांग्रेस प्रत्याशी ममता को पार्टी के 1 पार्षद के अलावा 5 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिला और वे 6 वोटों पर ही सिमट गईं।
- पद की शपथ और निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान
जीत की आधिकारिक घोषणा के बाद रिटर्निंग अधिकारी हरकेश मीणा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष बिरमा देवी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान मौजूद स्थानीय भाजपा विधायक सुखवंत सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि यह सीट ओबीसी महिला श्रेणी के लिए आरक्षित थी।
- बस प्रवेश को लेकर परिसर में हंगामा
मतदान प्रक्रिया के दौरान तहसील परिसर में स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब वाहनों के प्रवेश पर रोक होने के बावजूद भाजपा पार्षदों से भरी बस सीधे परिसर के अंदर पहुंच गई। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए मुख्य गेट पर धरना देकर विरोध जताया। बाद में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की और मामला शांत कराया।

