बड़ौदामेव नगरपालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा: निर्दलीय कविता देवी बनीं पालिकाध्यक्ष, कांग्रेस की सुकमा देवी को 2 वोटों से हराया
अलवर जिले के बड़ौदामेव नगरपालिका अध्यक्ष पद के कांटे की टक्कर वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सधी हुई रणनीति के दम पर जीत हासिल कर ली है। अंतिम समय में पासा पलटते हुए भाजपा ने निर्दलीय पार्षद कविता देवी को अपना उम्मीदवार बनाया, जिन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सुकमा देवी को 13-11 के अंतर से हरा दिया।
सोमवार को उपतहसील कार्यालय में सुबह 10 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। रिटर्निंग अधिकारी सुरेंद्र आर्य ने सबसे पहले पहुंचे भाजपा पार्षदों को शपथ दिलाई। इसके बाद कांग्रेस नेता आर्यन जुबेर की अगुवाई में कांग्रेस पार्षद मतदान के लिए पहुंचे, जहां वार्ड नंबर 11 से पार्षद सुकमा देवी ने चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
- निर्दलीयों ने निभाई 'किंगमेकर' की भूमिका
25 वार्डों वाली इस नगरपालिका में बहुमत का आंकड़ा 13 था, जबकि चुनाव परिणामों में कांग्रेस को 9 और भाजपा को 8 सीटें मिली थीं। ऐसे में 8 निर्दलीय पार्षद निर्णायक भूमिका में थे। भाजपा ने राजनीतिक गणित साधते हुए वार्ड नंबर 12 से जीतीं निर्दलीय प्रत्याशी कविता देवी को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। निर्दलीयों के एकजुट समर्थन के चलते समीकरण पूरी तरह बदल गए।
- 13-11 से तय हुआ नतीजा
मतदान के तुरंत बाद हुई मतगणना में भाजपा समर्थित कविता देवी को कुल 13 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की सुकमा देवी को 11 वोटों से संतोष करना पड़ा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान 1 वोट खारिज (रद्द) घोषित किया गया। 2 वोटों की इस जीत के साथ ही बड़ौदामेव पालिकाध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार का कब्जा हो गया।

