बिचगांवा के आयुर्वेदिक औषधालय में मनाया 11वां आयुर्वेद दिवस, 30 रोगियों को मिला निशुल्क परामर्श व दवाएं
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन)। उपखंड क्षेत्र के समीपवर्ती ग्राम बिचगांवा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय में बुधवार को 11वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर औषधालय परिसर में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 30 रोगियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें निशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए वैद्य चेतन प्रधान ने कहा कि आयुर्वेद प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति है, जो रोग के मूल कारण का निवारण करती है। मानव शरीर में वात, पित्त और कफ का असंतुलन ही अधिकांश व्याधियों की जड़ है। इनके असंतुलित होते ही व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से अस्वस्थ हो जाता है। इसका स्थायी समाधान नियमित दिनचर्या, योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के समन्वय में निहित है।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रचारक केदारनाथ शर्मा द्वारा ग्रामीणों एवं उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए नियमित योगाभ्यास व प्राणायाम का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर योग प्रचारक केदारनाथ शर्मा, डार्विन, जाह्नवी दीक्षित, नीलम, गीता शर्मा, मनोज, अमित, गुर्जर खान, अशोक तथा जीतू सहित अनेक ग्रामीण एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

