तखतगढ़ में शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी की 'सरलीकरण यात्रा' का भव्य स्वागत, भीड़ में जेबकतरों ने भी किया हाथ साफ
ईडब्ल्यूएस आरक्षण की विसंगतियों को लेकर 50 गाड़ियों का काफिला पहुंचा तखतगढ़ चौराहा, दो जेसीबी से की गई पुष्पवर्षा; ऊंट पर सवार होकर निकले विधायक
तखतगढ़ (पाली/ बरकत खान) ईडब्ल्यूएस (EWS) आरक्षण की विसंगतियों के समाधान की मांग को लेकर 'सरलीकरण यात्रा' पर निकले शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी का सोमवार सुबह तखतगढ़ पहुंचने पर सर्व समाज की ओर से भव्य स्वागत किया गया। जालोर और आहोर के रास्ते करीब 50 लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ पाली जिले की सीमा में प्रवेश करते ही समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।
सोमवार सुबह सवा दस बजे जब काफिला एनएच-325 स्थित तखतगढ़ मुख्य चौराहे पर पहुंचा, तो कार्यकर्ताओं ने विधायक भाटी को साफा व माला पहनाकर गर्मजोशी से अगवानी की। इस दौरान उन्हें पारंपरिक रूप से ऊंट पर बिठाया गया और दो जेसीबी मशीनों की मदद से उन पर जोरदार पुष्प वर्षा की गई। समर्थक गाजे-बाजे के साथ नाचते हुए उन्हें सुमेरपुर रोड तक ले गए, जहां से वे पुनः गाड़ी में सवार होकर बांकली होते हुए सुमेरपुर स्थित राजपूत समाज भवन के लिए रवाना हो गए। यात्रा के दौरान तखतगढ़, बिटिया, बलुपुरा, बांकली और खिवांदी सहित विभिन्न स्थानों पर भी जोरदार स्वागत हुआ। कार्यक्रम में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के कई स्थानीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- भीड़ के चलते रूट डायवर्ट, जेबकतरों ने काटा हाथ
चौराहे पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ और जाम की स्थिति को देखते हुए तखतगढ़ पुलिस ने एहतियातन एनएच-325 का यातायात डायवर्ट किया। इसी आपाधापी और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर अज्ञात जेबकतरों ने स्वागत में जुटे कई लोगों की जेबों पर हाथ साफ कर दिया। काफिले के सुमेरपुर रवाना होने के बाद जब लोगों ने अपनी जेबें टटोलीं, तो नकदी नदारद मिली। पीड़ितों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब हुलिए और आसपास के फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

