करंट लगने से दो मासूम भाई-बहन की मौत, करणपुरा गांव में पसरा मातम
रैणी (अलवर)
- पानी लेकर खेत की ओर जा रहे थे बच्चे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे दोनों बच्चे घर पर मौजूद थे। परिजनों ने उन्हें खेत पर काम कर रहे लोगों के लिए पानी लेकर आने को कहा था। पानी लेकर जाते समय दोनों बच्चे खेत पर लगी बोरिंग के पास खेलने लगे। इसी दौरान स्टार्टर और सिंगल फेस मोटर के खुले/कटे तार के संपर्क में आने से दोनों मासूम तेज करंट की चपेट में आ गए।
- तीसरे बच्चे के शोर मचाने पर पहुंचे परिजन
हादसे के समय दोनों बच्चों के साथ एक तीसरा बच्चा भी थोड़ी दूरी पर खेल रहा था। जैसे ही हर्षिता और गौरव करंट लगते ही जमीन पर गिरे, तीसरे बच्चे ने घबराकर खेत में काम कर रहे परिजनों को चिल्लाकर आवाज दी। परिजन भागकर मौके पर पहुंचे और तुरंत दोनों को तार से अलग किया।
परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चों को रैणी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
- पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर रैणी थानाधिकारी (SHO) बने सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने बच्चों के दादा गिर्राज प्रसाद मीणा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम करवाया और फिर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस हादसे के कारणों की आगे की जांच कर रही है।

