पहली बोर्ड बैठक में विकास के एजेंडे पर मुहर, पार्षदों ने उठाए शहर के ज्वलंत मुद्दे; आवारा पशुओं से राहत की मांग
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब)। नवनिर्वाचित नगर पालिका बोर्ड की पहली बैठक सोमवार को चेयरमैन अलकेश पवन वैष्णव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विधायक गोपीचंद मीणा भी मौजूद रहे। पालिका के एजेंडे में शामिल प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से सहमति जताई गई। बैठक की शुरुआत में विधायक गोपीचंद मीणा एवं चेयरमैन अलकेश पवन वैष्णव ने नवनिर्वाचित पार्षदों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
बैठक में पार्षदों ने शहर के विकास और आमजन से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
पार्षद अरविंद भुवालिया ने पालिका क्षेत्र का नया मास्टर प्लान तैयार करने, नमो पार्क में रिंग रोड विकसित करने, गांधी मैदान में पार्क विकसित करने तथा पालिका क्षेत्र में आने वाली राजस्व भूमि को नगर पालिका के नाम आवंटित कराने की मांग रखी।
पार्षद रईश चौहान ने बादर अली बाबा दरगाह की चारदीवारी कराने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में बसी बस्तियों में नालियों की सफाई व्यवस्था बेहतर करने की मांग उठाई। पार्षद पंकज घारू ने हरिजन समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण का मुद्दा रखा।
सोलर लाइट से लेकर सीसीटीवी तक उठे प्रस्ताव
चेयरमैन अलकेश वैष्णव ने नगर पालिका कार्यालय के लिए टैक्सी वाहन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। वहीं जेन-जी पार्षद सानिया खानम ने पालिका क्षेत्र की सभी गलियों में सोलर लाइट लगाने की मांग की। उन्होंने गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ पालिका प्रशासन द्वारा कार्रवाई किए जाने की बात कही।
पार्षद प्रवीण खटीक ने वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, घायल गोवंश के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करने तथा गुमछा बस्ती से हटाए गए लोगों को पट्टाशुदा प्लॉट उपलब्ध कराने की मांग रखी। पार्षद बन्नालाल मीणा ने वार्ड 19 की कृष्णा कॉलोनी में नाला निर्माण तथा लाला का बाड़ा क्षेत्र में बड़े नाले के निर्माण की मांग उठाई।
बजरी संकट और आवारा पशुओं का मुद्दा भी गूंजा
पार्षद राधेश्याम बारेठ ने बजरी उपलब्ध नहीं होने से नगरवासियों के मकान एवं प्रतिष्ठानों के निर्माण में आ रही परेशानी का मुद्दा उठाते हुए सरकार को अवगत कराने की मांग की। उन्होंने शहर में आवारा पशुओं से लोगों को राहत दिलाने की भी मांग रखी।
पार्षद राजकुमार माली ने किसानों की समस्या उठाते हुए कहा कि आवारा सुअरों के कारण खेतों में फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने किसानों को इससे राहत दिलाने के साथ पालिका में एंबुलेंस की व्यवस्था कराने की मांग की।
पार्षद तबस्सुम बी ने वार्ड 15 की समस्या बताते हुए कहा कि बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों से मिट्टी और पत्थर बहकर नालियों में आने से नालियां चोक हो जाती हैं। इससे बरसाती पानी घरों की नींव तक पहुंचने से मकानों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। उन्होंने बड़े नाले का व्यवस्थित निर्माण शुरू कराने तथा पहाड़ी क्षेत्र में कचरा संग्रहण के लिए नए उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी।
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं के साथ शहर के समग्र विकास से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए। पालिका की पहली बैठक में विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

