राष्ट्रीय लोक अदालत 10 अक्टूबर को:कठूमर में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को राजीनामे से निस्तारित कराने पर दिया जोर
कठूमर (दिनेश लेखी)।
तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के तत्वावधान में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर सोमवार को अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कठूमर के अवकाशागार में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के अध्यक्ष अनंत भण्डारी के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश मोहन लाल सोनी ने की।
10 अक्टूबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर की सचिव रूचि शर्मा ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 10 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। बैठक में बैंक ऋण मामलों, लंबित मुकदमों तथा प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को आपसी राजीनामे के जरिए सुलझाने के लिए पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं से बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया गया।
'मीडियेशन फॉर द नेशन' अभियान एवं निःशुल्क विधिक सहायता
बैठक में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर द्वारा संचालित ‘मीडियेशन फॉर द नेशन’ अभियान की जानकारी दी गई।
-
मध्यस्थता व्यवस्था: वर्तमान में कठूमर में 10 अधिवक्ता एवं एक न्यायिक अधिकारी अपर जिला न्यायाधीश मध्यस्थ (Mediator) के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
-
निःशुल्क विधिक सहायता: सचिव मोहन लाल सोनी ने बताया कि महिलाओं, बालकों, बंदियों, अनुसूचित जाति/जनजाति, अल्प आय वर्ग एवं प्राकृतिक आपदा पीड़ितों के लिए न्यायालय में निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं। कठूमर में इस हेतु आठ पैनल अधिवक्ता नियुक्त हैं।
पीड़ित प्रतिकर योजना: 24 घंटे में सहायता का दिया उदाहरण
न्यायाधीश मोहन लाल सोनी ने राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में अलवर में हुए ट्रिपल मर्डर एवं सड़क दुर्घटना प्रकरण में समिति ने त्वरित बैठक आयोजित कर पात्र पीड़ितों को महज 24 घंटे के भीतर प्रतिकर राशि का भुगतान सुनिश्चित कराया।
न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं की रही उपस्थिति
बैठक में अपर जिला न्यायाधीश कठूमर उदय सिंह अलोरिया, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट युधिष्ठर मीणा, न्यायिक मजिस्ट्रेट आदित्य शर्मा, तालुका विधिक सेवा समिति सचिव रूचि शर्मा, बार संघ कठूमर अध्यक्ष सुभाष अर्रुआ, रामजीत सिंह, राधावल्लभ शर्मा, सुभाष चंद शर्मा, सत्येन्द्र सिंह चौधरी, बलवीर सिंह चौधरी, ललित मोहन शर्मा, रामजीलाल शर्मा, ओमवीर सिंह फौजदार, तेजसिंह राठी, भवानी शंकर शर्मा, समंदर कुमार शर्मा तथा पीएलवी योगेश चौहान व वीरेन्द्र कुमार शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

