कठूमर: तालुका विधिक सेवा समिति की मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित, 27 प्रकरणों की समीक्षा
कठूमर (दिनेश लेखी)
तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया की अध्यक्षता में 30 सितंबर को उनके अवकाशागार में मॉनिटरिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। दोपहर 1:30 बजे शुरू हुई इस बैठक में कमेटी सदस्य व अधिवक्ता महेंद्र सिंह कुपासिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता के लिए पैनल अधिवक्ताओं को पैरवी हेतु सौंपे गए कुल 27 प्रार्थना पत्रों से संबंधित प्रकरणों में अब तक हुई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रत्येक तारीख-पेशी पर प्रकरण की रिपोर्ट तलब किए जाने के संबंध में गहन विचार-विमर्श किया गया।
प्रभावी पैरवी और मॉनिटरिंग के निर्देश
अध्यक्ष महोदय ने सभी पैनल अधिवक्ताओं को निर्देशित किया कि वे संबंधित न्यायालयीन प्रकरणों में पूरी सक्रियता के साथ नियमित पैरवी करें और मामलों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें ताकि जरूरतमंदों को समय पर न्याय मिल सके।
तालुका विधिक सेवा समिति की सचिव रुचि शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि निःशुल्क विधिक सहायता से जुड़े इन तमाम प्रकरणों की निरंतर समीक्षा की जा रही है, जिससे समाज के कमजोर और पात्र वर्ग के पक्षकारों को सुगमता से प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

