अलवर जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक 5 अक्टूबर को, विभिन्न विभागों की योजनाओं और प्रगति की होगी समीक्षा
अलवर (हीरालाल भूरानी) जिला परिषद अलवर की साधारण सभा की महत्वपूर्ण बैठक आगामी 5 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। यह बैठक प्रातः 11:30 बजे जिला परिषद सभागार में जिला प्रमुख की अध्यक्षता में संपन्न होगी।
बैठक के दौरान गत बैठक की कार्यवाही के अनुमोदन के साथ-साथ जिले की जनहित से जुड़ी प्रमुख सेवाओं एवं विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी। इसमें मुख्य रूप से पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD), पशुपालन, शिक्षा, कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, बैठक में पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्य योजना का अनुमोदन भी किया जाएगा। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे बैठक में अपने-अपने विभागों की आवश्यक प्रगति जानकारी एवं पूर्व निर्देशों की अनुपालना रिपोर्ट के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।

