मुख्य मार्ग, बाजार और नाले-नालियों पर कब्जे हटेंगे; 5 अक्टूबर से खैरथल में अतिक्रमण पर चलेगा परिषद का डंडा
दुकानदारों को पहले खुद सामान हटाने की चेतावनी, कचरा फैलाने पर जुर्माना भी लगे
खैरथल (हीरालाल भूरानी) नगर परिषद बोर्ड गठन के बाद पहली बार शहर में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू होने जा रहा है। नगर परिषद प्रशासन 5 अक्टूबर से लगातार कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्गो, बाजारों और नाले-नालियों पर किए गए स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण हटाएगा। अभियान के तहत सड़कों पर सामान रखकर किए गए कब्जों के साथ फुटपाथ और नालियों पर किए गए अतिक्रमण भी हटाए जाएंगे। नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा ने बताया कि दुकानदारों, ठेली संचालकों और फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को अभियान शुरू होने से पहले स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए आगाह किया गया है। इसके बाद परिषद की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में होने वाले खर्च की जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमी की होगी।
नालियों में कचरा डाला तो जुर्माना
अतिक्रमण के साथ नगर परिषद ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी सख्ती की तैयारी की है। ठेली, दुकानों, फास्टफूड व जूस सहित अन्य व्यवसाय संचालकों को प्रतिष्ठान से निकलने वाला कचरा परिषद के ऑटो टिपर में डालना होगा। सार्वजनिक स्थानों, नालों और नालियों में कचरा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी वसूला जाएगा। आयुक्त ने आमजन और व्यापारियों से अभियान से पहले अतिक्रमण हटाने तथा शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। नियमों की अवहेलना पर कार्रवाई होगी।

