साधारण सभा की बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी; सड़क, पानी, बिजली सहित कई मुद्दे उठे
कठूमर (दिनेश लेखी) पंचायत समिति सभागार कठूमर में गुरुवार को प्रधान संगम चौधरी की अध्यक्षता में साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों, बिजली, पेयजल, सड़क निर्माण और जलभराव सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई। कई विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक में सरपंच मुकेश चौहान ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ग्रामीणों पर स्मार्ट मीटर जबरन नहीं थोपे जाएं तथा जिन उपभोक्ताओं के पुराने मीटर लगे हुए हैं, उन्हें यथावत रखा जाए। उन्होंने क्षेत्र में संचालित आरओ प्लांट के सुचारू रूप से संचालित नहीं होने की समस्या भी सदन के सामने रखी। साथ ही ग्राम तसई और सूरजपुरा में निर्माण विभाग की ओर से बनाई जा रही सड़कों का निर्माण स्वीकृत तकमीना के अनुसार करवाने की मांग की।
सरपंच श्रीभान ने सौंख गांव में सड़क के घुमाव पर निर्धारित तकमीना के अनुसार सड़क की चौड़ाई नहीं होने का मामला उठाया। उन्होंने क्षेत्र में बिजली के पोल लगाने का कार्य पूरा नहीं होने की समस्या भी अधिकारियों के समक्ष रखी और शीघ्र कार्य पूरा कराने की मांग की।
सरपंच सुकेश गुर्जर ने आरओ प्लांट की व्यवस्था तथा मैथना गांव में गंभीर जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जलभराव से ग्रामीणों को होने वाली परेशानी का स्थायी समाधान कराने की मांग की। बैठक में पंचायत समिति सदस्यों, जिला परिषद सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न विकास एवं जनहित के मुद्दे सदन में रखे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बैठक में उठाए गए मुद्दों पर संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई गई। बैठक में प्रधान संगम चौधरी, विकास अधिकारी बच्चू सिंह मीणा सहित पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, सरपंच, प्रशासक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

