वाहन की टक्कर से पैंथर की मौत:पहाड़ी से उतरकर जा रहा था दूसरी ओर,वन विभाग की टीम मौके पर
राजगढ़ / अलवर (अनिल कुमार गुप्ता): अलवर जिले के राजगढ़ (रैणी) क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा पर एक बार फिर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है। गढ़ीसवाईराम के नेशनल हाईवे संख्या 921 स्थित अलवर-मंडावर मार्ग पर बीती देर रात एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से करीब दो साल के नर पैंथर की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पहाड़ी पार करते समय हुआ हादसा
स्थानीय जानकारी के अनुसार, दुर्घटना स्थल के दोनों ओर घना पहाड़ी क्षेत्र है। बताया जा रहा है कि यह पैंथर एक पहाड़ी से उतरकर सड़क पार कर दूसरी पहाड़ी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वन विभाग ने कब्जे में लिया शव
घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मणगढ़ रेंजर इंद्रजीत सिंह चौधरी को दी गई। निर्देश मिलते ही फॉरेस्टर बिजेंदर मेहरा अपनी वन विभाग की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों ने मृत पैंथर के शव को अपने कब्जे में लिया। फॉरेस्टर बिजेंदर मेहरा ने बताया कि मृतक पैंथर की उम्र करीब दो वर्ष है और वह नर है। मामले की सूचना राजगढ़ रेंज वन विभाग को दी गई, जिसके बाद राजगढ़ से भी टीम मौके पर पहुंच गई। फिलहाल, वन विभाग के अधिकारी पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।

