थानागाजी में व्यापारी से 1.60 लाख की लूट का पर्दाफाश: पुलिस ने 4 बदमाशों को दबोचा, थाने से दुकान तक कराई मौके की तस्दीक
थानागाजी (अलवर) गोपेश शर्मा
कस्बे में जयपुर मार्ग पर व्यापारी से हथियार के बल पर हुई 1.60 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में थानागाजी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश किया और घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाने से दुकान तक कराई गई मौके की तस्दीक
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपियों को लेकर थानागाजी थाने से पीड़ित व्यापारी की दुकान और जयपुर मार्ग स्थित वारदात स्थल पर पहुंची। जहां पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मौके वारदात का मुआयना और घटनास्थल की तस्दीक कराई गई। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक (DSP) इंदु लोधी तथा थानाधिकारी महावीर के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।
व्यापारियों में था आक्रोश, दो बार दिया था ज्ञापन
उल्लेखनीय है कि बदमाशों ने जयपुर मार्ग पर व्यापारी देशराज को हथियार दिखाकर डराया-धमकाया था और उनसे 1,60,000 रुपये नकद छीनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद से ही थानागाजी पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। हालांकि, वारदात का तुरंत खुलासा न होने से स्थानीय व्यापारियों में काफी रोष व्याप्त था। आक्रोशित व्यापारियों ने दो बार पुलिस उपाधीक्षक से मुलाकात कर बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने और कठोर सजा दिलवाने की गुहार लगाई थी।
अन्य वारदातों और साथियों के बारे में पूछताछ जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस लूट की वारदात में इनके साथ और कौन-कौन शामिल थे तथा इन्होंने क्षेत्र में अन्य किन-किन आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। पूछताछ के बाद मामले में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

