पुराना वाहन बदलो, नया BS-6 पाओ:भरतपुर में पहले वाहन के पंजीयन पर मिली ₹93,700 की बंपर छूट
भरतपुर, 28 अक्टूबर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय): स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में भरतपुर जिले में एक बड़ी शुरुआत हुई है। परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'परिवर्तन योजना' के तहत जिले में पहले वाहन का पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस योजना के तहत वाहन स्वामी 'पथैना इंडेन ग्रामीण वितरक' को कुल 93,700 रुपये की सीधी छूट का लाभ मिला है।
BS-6 वाहनों को बढ़ावा देना मुख्य उद्देश्य: अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी (ARTIO) अभय मुदगल ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य पुराने और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की जगह नए अत्याधुनिक BS-6 मानक के वाहनों को सड़कों पर लाना है। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में बड़ी मदद मिलेगी।
टैक्स और पंजीयन शुल्क में मिली राहत: विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस पहले वाहन स्वामी को:
-
एकमुश्त वाहन कर (OTT): ₹93,100 की छूट
-
पंजीयन शुल्क (Registration Fee): ₹600 की छूट
-
कुल प्राप्त लाभ: ₹93,700 रुपये
अन्य ट्रांसपोर्टरों से लाभ उठाने की अपील: ARTIO अभय मुदगल ने बताया कि जिले में परिवर्तन योजना के तहत यह पहला पंजीयन अन्य पात्र वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्टरों के लिए प्रेरणादायी साबित होगा। इससे न केवल वाहन मालिकों को आर्थिक राहत मिल रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी नई मजबूती मिल रही है।
परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी पात्र ट्रांसपोर्टरों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे परिवर्तन योजना की शर्तों और नियमों की जानकारी लेकर इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वच्छ परिवहन की दिशा में अपनी भागीदारी निभाएं।

