'अनुभव और युवा शक्ति ही कांग्रेस की ताकत': हरिशंकर मेवाड़ा बोले— एकजुट होकर बूथ स्तर तक मजबूत करें संगठन
सुमेरपुर में कांग्रेस का वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मान समारोह संपन्न, पंचायती राज चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक मजबूती पर मंथन
सुमेरपुर / बरकत खां
आगामी पंचायती राज चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। शनिवार को ग्राम धणा स्थित चामुंडा माता मंदिर के राजपूत सभा भवन में कांग्रेस के 'छत्तीस कौम' के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में पार्टी की भूमिका और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।
वरिष्ठों के अनुभव और युवाओं के जोश से मिलेगी मजबूती: कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा रहे, जबकि अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नेपाल सिंह जोधा ने की। मुख्य अतिथि मेवाड़ा ने संबोधित करते हुए कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के वर्षों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा के बल पर आगामी चुनाव में पार्टी को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।
गांव-गांव और ढाणी-ढाणी संपर्क पर जोर: आयोजक महावीर सिंह जोधा (कोसेलाव) एवं प्रेरक लक्ष्मण मेघवाल (खिमाड़ा) ने बताया कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य वरिष्ठों के मार्गदर्शन का संगठन हित में उपयोग करना है। ब्लॉक अध्यक्ष पावा ने बताया कि कार्यकर्ताओं को अभी से गांवों में सक्रिय रहने, आमजन से सीधा संवाद कायम करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
ये प्रमुख जन रहे मौजूद: समारोह में पूर्व प्रधान सुमेर सिंह राणावत, शोभा सोलंकी, ललकार सिंह राणावत, गुलाब सिंह गिरवर, अमृत चौधरी, एडवोकेट तरुण त्रिवेदी, मांगीलाल राजपुरोहित, पेमाराम मीणा, भूराराम देवासी, पुखराज घांची, हनुवंतसिंह खिवांदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

