भरतपुर में 22 दिसंबर को होगा जिला व्यापार महासंघ का 38वां स्थापना दिवस और विशाल व्यापारी कुंभ

Nov 13, 2026 - 21:31
 0
भरतपुर में 22 दिसंबर को होगा जिला व्यापार महासंघ का 38वां स्थापना दिवस और विशाल व्यापारी कुंभ

होटल गीतांजलि में आयोजित होगा महासम्मेलन; खुदरा-थोक व्यापार की खस्ताहाली, भारी करों और सुरक्षा की चिंताओं को लेकर व्यापारी भरेंगे हुंकार

​भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)

भरतपुर जिला व्यापार महासंघ के 38वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर आगामी 22 दिसंबर 2026 को आगरा-जयपुर हाईवे स्थित होटल गीतांजलि में एक विशाल 'व्यापारी कुंभ' (महासम्मेलन) का आयोजन किया जाएगा। महासंघ के जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने बताया कि पिछले 38 वर्षों से यह महासंघ लगातार व्यापारी हितों को सर्वोपरि रखकर कार्य कर रहा है और आगे भी करता रहेगा।

​व्यापारियों के सामने खड़ी हैं गंभीर चुनौतियां

महासंघ की ओर से जारी बयान में वर्तमान में खुदरा एवं थोक व्यापार की स्थिति बेहद नाजुक बताई गई है। किसानों के साथ-साथ व्यापारी वर्ग भी आर्थिक कष्ट झेल रहा है, लेकिन सरकारों का इस ओर ध्यान नहीं है। आए दिन नए-नए कर और नियम व्यापारियों पर थोपे जा रहे हैं। इसके अलावा बड़ी विदेशी कंपनियों द्वारा बेतहाशा पूंजी निवेश और ब्लिंकिट जैसी ऑनलाइन व घर-घर सामान पहुंचाने वाली कंपनियों के कारण गली-मोहल्लों और बाजारों के छोटे-छोटे व्यापारियों का व्यवसाय खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है। अधिकांश व्यापारी कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं।

​सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता और एकजुटता का आह्वान

व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट के साथ-साथ कानून-व्यवस्था भी एक बड़ी चुनौती बन गई है। आए दिन व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर लूटपाट, अपहरण, हत्या और धमकियों जैसी घटनाओं के चलते व्यापारी खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। इन सभी समस्याओं से निजात पाने और एक मंच से अपनी आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से इस विशाल व्यापारी कुंभ का आयोजन किया जा रहा है।

​संपर्क अभियान और प्रथम निमंत्रण

जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने बताया कि महासंघ की टीम शीघ्र ही भरतपुर और डीग जिले की प्रत्येक तहसील, बाजार और प्रतिष्ठान से संपर्क कर व्यापारियों को इस सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण देगी। इस आयोजन की शुरुआत मंगलवार को अटलबंद स्थित गणेश जी को प्रथम निमंत्रण देकर की गई।

​इस दौरान जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला महामंत्री विपुल शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश बजाज, सहमहामंत्री अंजुम सिंघल, जिला मंत्री यज्ञ दत्त शर्मा, बंटू भाई, गुलराज, गोपाल कटारा, मनीष मेहरा और जगमोहन शर्मा सहित कई गणमान्य व्यापारी मौजूद रहे। महासंघ ने सभी व्यापारी बंधुओं से अपील की है कि वे पूर्ण सहयोग प्रदान कर इस व्यापारी कुंभ को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................