राजगढ़ में ब्राह्मण समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह: 55 मेधावी छात्र-छात्राएं और 16 नवनियुक्त कर्मचारी सम्मानित
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता। ब्राह्मण समाज राजगढ़ के तत्वावधान में कस्बे के गोविंददेवजी बाजार स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में प्रतिभा सम्मान समारोह एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना और युवाओं को भविष्य के सही दिशा-निर्देश देना रहा।
55 मेधावी और 16 नवनियुक्त प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले 55 बालक-बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, हाल ही में सरकारी सेवा में नवनियुक्त 16 कर्मचारियों को भी मंच पर सम्मानित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। साथ ही, सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को भी प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए।
युवाओं को मिला करियर मार्गदर्शन
समारोह में मुख्य आकर्षण युवाओं के लिए आयोजित करियर मार्गदर्शन सत्र रहा। शारीरिक शिक्षक मनोज कुमार गौतम ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा, रोजगार और भविष्य में करियर के बेहतर विकल्पों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें सफलता के आवश्यक टिप्स दिए।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा (ठेकेदार) ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में समाज के जिला अध्यक्ष विशंभर दयाल शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन दिनेश शास्त्री ने किया। इस अवसर पर संत ज्ञानेश्वर शर्मा, प्रकाश दीक्षित, राहुल दीक्षित, वीरेंद्र दाधीच, मनोज कुमार गौतम सहित समाज के कई प्रबुद्ध नागरिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

