नगर निकाय आम चुनाव 2026 के लिए जिला चुनाव नियंत्रण कक्ष स्थापित; 24 घंटे संचालित रहेगा नियंत्रण कक्ष
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) नगर निकाय आम चुनाव 2026 को सुचारू, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी के निर्देशानुसार जिला चुनाव नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का संचालन गुरुवार, 20 अगस्त से जिला कलेक्ट्रेट परिसर, भरतपुर में प्रारंभ हो गया है। यह नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला निर्वाचन नियंत्रण कक्ष के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तीन पारियों में ड्यूटी निर्धारित की गई है। नियंत्रण कक्ष में कार्यरत कार्मिक विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों से प्राप्त सूचनाओं, कॉल एवं संदेशों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के साथ ही निर्वाचन संबंधी जनसमस्याओं एवं महत्वपूर्ण सूचनाओं का संकलन कर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करेंगे। जिला चुनाव नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र चन्द्रमोहन गुप्ता, तथा सहायक प्रभारी अधिकारी उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां शचींद्र चतुर्वेदी हैं। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 05644-220320 निर्धारित किया गया है।
तीन पारियों में होगी ड्यूटी-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला निर्वाचन नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी तीन पारियों में निर्धारित की गई है। प्रथम पारी प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगी। इस पारी के प्रभारी जिला उद्योग एवं वाणिज्य अधिकारी सूर्यकान्त पाण्डेय होंगे। उनके साथ चन्द्रप्रकाश एवं अमित कुमार शर्मा की ड्यूटी लगाई गई है। द्वितीय पारी दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक संचालित होगी। इस पारी के प्रभारी निरीक्षक, कार्यालय उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां पवन कुमार होंगे। उनके साथ मयंक शर्मा एवं निशान्त उपाध्याय की ड्यूटी निर्धारित की गई है। तृतीय पारी रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक रहेगी। इस पारी के प्रभारी सहायक आयुक्त, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र सचिन गुर्जर होंगे। उनके साथ गोपेश सैनी एवं बृजेश कुमार की ड्यूटी लगाई गई है।
रिजर्व दल भी रहेगा उपलब्ध-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नियंत्रण कक्ष के लिए रिजर्व दल के कार्मिकों की भी ड्यूटी निर्धारित की गई है। रिजर्व दल के कार्मिक अन्य दलों के कार्मिकों के साप्ताहिक अथवा अपरिहार्य अवकाश की स्थिति में जिला चुनाव नियंत्रण कक्ष में अपनी सेवाएं देंगे। शेष दिनों में वे अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर नियमित कार्यालय कार्य संपादित करेंगे।
रिजर्व दल में निजी सहायक प्रथम, रीको कार्यालय पुष्पेन्द्र को पारी प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ व्याख्याता प्रमोद लवानिया, व्याख्याता बृजेश कुमार कुशवाह तथा लेखापाल निसार अहमद को शामिल किया गया है।
समन्वय एवं त्वरित सूचना प्रेषण पर रहेगा जोर-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित कार्मिकों को तत्काल कार्यमुक्त कर जिला चुनाव नियंत्रण कक्ष, भरतपुर में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया जाए। साथ ही नियंत्रण कक्ष में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी संबंधित शाखाओं के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नियंत्रण कक्ष में प्राप्त होने वाली प्रत्येक कॉल, संदेश एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचना का विधिवत रजिस्टर संधारित किया जाएगा। निर्वाचन से संबंधित जनसमस्याओं एवं महत्वपूर्ण सूचनाओं का संकलन कर उन्हें तत्काल संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया जाएगा। जिला चुनाव नियंत्रण कक्ष के माध्यम से त्वरित सूचना तंत्र, प्रभावी समन्वय एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे नगर निकाय आम चुनाव 2026 के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया का सुचारू, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित हो सकेगा।

