नंगली में श्याम भक्ति की बही रसधार: भजनों पर सारी रात झूमे श्रद्धालु, आकर्षण का केंद्र बना चांदी की बांसुरी का लकी ड्रॉ

Nov 16, 2026 - 17:20
 0
नंगली में श्याम भक्ति की बही रसधार: भजनों पर सारी रात झूमे श्रद्धालु, आकर्षण का केंद्र बना चांदी की बांसुरी का लकी ड्रॉ

रामगढ़, अलवर (राधेश्याम गेरा)। उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलावड़ा अंतर्गत ग्राम नंगली में 'हारे का सहारा' बाबा श्याम का तृतीय वार्षिक रात्रि जागरण बड़ी ही श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। स्कूल के सामने स्थित शिव मंदिर रामलीला ग्राउंड में श्री श्याम बिहारी मित्र मंडल और समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े।

अखंड ज्योत और छप्पन भोग का लगा दरबार

मित्र मंडल के अध्यक्ष सुंदर लाल सैनी और संरक्षक चरण सिंह सैनी ने बताया कि जागरण का आयोजन श्री श्री 108 बाबा संतोषी दास महाराज के पावन सानिध्य में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नौगांवा नगर पालिका चेयरमैन राजेंद्र सैनी रहे, जबकि अध्यक्षता अलावड़ा सरपंच शिवचरण सैनी ने की। पंडित सुरेश वशिष्ठ ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा की अखंड ज्योत प्रज्वलित करवाई। इस अवसर पर बाबा श्याम का मनमोहक फूलों से भव्य श्रृंगार कर छप्पन भोग अर्पित किया गया।

भजनों की सरिता में गोते लगाते रहे भक्त

जागरण में बाहर से आए प्रसिद्ध भजन गायकों ने समां बांध दिया। अलवर की सुप्रसिद्ध गायिका विजेता सक्सेना, राहुल बृजवासी (गोपालगढ़), विकास अग्रवाल (कानपुर) और विनय दीवाना (अलवर) ने एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी।

  • विजेता सक्सेना द्वारा गाए गए 'हारा हूं बाबा, मेरा तुझपे भरोसा है...' और 'नीले घोड़े पे चढ़ कर आयो सांवरे सरकार...' पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बटोरीं।

  • वहीं, 'कीर्तन की रात बाबा आज थाणे आणों है...' भजन पर श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए और मंच के सामने देर रात तक नाचते-झूमते रहे।

चांदी की बांसुरियों का लकी ड्रॉ रहा खास आकर्षण

जागरण के दौरान नौगांवा के सैनी ज्वेलर्स (जयसिंह सैनी मूंडाका) के सौजन्य से तीन चांदी की बांसुरियों का लकी ड्रॉ निकाला गया, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना। प्रातः चार बजे बाबा की महाआरती के पश्चात सभी भक्तों को छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया।

अतिथियों और भामाशाहों का हुआ अभिनंदन

आयोजन समिति व ग्रामीणों द्वारा कार्यक्रम में पधारे झंझार (सीकरी) सरपंच घनश्याम सैनी, इंदपुर सरपंच भोम सिंह सैनी, मालपुर सरपंच विक्रम सैनी, बोड़ोली सरपंच फतेह सिंह सैनी, ललावंडी सरपंच राकेश राजपूत, उपसरपंच तलविंदर सिंह, अलावड़ा भामाशाह संजय छिलवाड़ सहित अन्य शहरों से आए श्याम सखा मंडल के सदस्यों का साफा बांधकर, श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष सुंदर लाल सैनी, संरक्षक चरणसिंह सैनी, संजय सैनी, नीरज सैनी, होशियार सिंह सैनी, मुकेश सैनी, सोनू सैनी, सतपाल सैनी सहित मंडल के समस्त कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................