बृज नगर और सीकरी में बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और गंदे पानी की निकासी की सुनियोजित व्यवस्था की मेरी प्राथमिकता- बेढम
डीग (नीरज जैन) जयपुर सचिवालय में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की अध्यक्षता में नगरपालिका बृजनगर में रूडसिको द्वारा कराए जा रहे सीवरेज एवं ड्रेनेज कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बृजनगर कस्बे में चल रहे एवं प्रस्तावित सीवरेज कार्यों की प्रगति तथा आवश्यक निर्णयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बताया गया कि नगरपालिका बृजनगर क्षेत्र में कुल 8 सीवरेज शोधन संयंत्र प्रस्तावित हैं। वर्तमान में 3 सीवरेज शोधन संयंत्रों के लिए भूमि आवंटित हो चुकी है, जिन पर कार्य प्रगति पर है। शेष संयंत्रों के संबंध में निर्णय लेते हुए एक सीवरेज शोधन संयंत्र अमरदासा पोखर के समीप तथा चार सीवरेज शोधन संयंत्र अनार देवी विद्यालय के पीछे नगरपालिका को आवंटित भूमि पर निर्मित किए जाने का निर्णय लिया गया। इन निर्णयों के माध्यम से सीवरेज कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इसके साथ ही नगरपालिका बृजनगर एवं सीकरी क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी तथा वर्षा ऋतु के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए ड्रेनेज कार्यों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि ड्रेनेज कार्यों के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कर लिया गया है। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने इन प्रस्तावों के लिए बजट प्रावधान सुनिश्चित करने के लिए वित्त विभाग को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रकरण प्रेषित करने के निर्देश दिए। साथ ही बजट घोषणा के अंतर्गत ड्रेनेज कार्यों की कार्यकारी एजेंसी रूडसिको के स्थान पर संबंधित नगरपालिका को बनाए जाने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
बैठक में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के साथ रुड सिको के कार्य कारी निदेशक हरिमोहन मीणा, रामअवतार मित्तल (पूर्व अध्यक्ष, नगरपालिका बृजनगर), प्रकाश अम्बेश (पूर्व अध्यक्ष, नगरपालिका बृजनगर), रमनलाल सैनी (पूर्व अध्यक्ष, नगरपालिका बृजनगर), ताराचंद (सेवानिवृत्त अध्यापक एवं भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता), अधीक्षण अभियंता रूडसिको, अधिशासी अभियंता रूडसिको, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका बृजनगर एवं सीकरी, सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता नगरपालिका बृजनगर एवं सीकरी उपस्थित रहे।

