पुस्तकें हमारी सच्ची मित्र, पढ़ना आवश्यक - डॉ. सनाढ्य

Sep 4, 2023 - 17:45
Sep 4, 2023 - 20:18
 0
पुस्तकें हमारी सच्ची मित्र, पढ़ना आवश्यक - डॉ. सनाढ्य

भीलवाड़ा : राजकुमार गोयल
पुस्तकें हमारी सच्ची मित्र होती है। हमारा कोई मित्र साथ छोड़ सकता है, पर पुस्तकें कभी हमारा साथ नहीं छोड़ती। सुख-दुःख में, हंसी-खुशी सभी में पुस्तकें सच्ची मित्र बनकर हमारा साथ निभाती हैं। पुस्तकें ज्ञान प्रदान करती हैं, हमेशा अच्छी बातें ही सिखाती हैं। पुस्तकें हमारा मार्गदर्शन करती है। जब भी हम रास्ता भटकते हैं, तो ये हमें रास्ता दिखाती हैं। इसलिए हमें नियमित पुस्तकें पढ़नी चाहिए। ये विचार वरिष्ठ साहित्यकार और पूर्व प्राचार्य डॉ. रविकांत सनाढ्य ने युगीन बुक कॉर्नर के उद्घाटन कार्यक्रम में व्यक्त किये। युगीन साहित्य प्रवाह के संस्थापक योगेश दाधीच ने बताया कि कृषि उपज मंडी के सामने मारुति डोर वर्ल्ड पर इस बुक कॉर्नर की स्थापना की गई है। बुक कॉर्नर के संयोजक प्रकाश परासर और चंद्रेश टेलर ने बताया कि भीलवाड़ा के साहित्यप्रेमियों को पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित करने हेतु यह नवाचार किया गया है। यहां विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध रहेगी। पंजीकृत सदस्य यहाँ पर पुस्तकें रख भी सकेंगे और पढ़ने के लिए ले जा भी सकेंगे। कोई भी साहित्यप्रेमी पंजीकरण करवा सकते हैं। पुस्तक सात दिवस की अवधि में पढ़कर पुनः यहाँ रखनी होगी। पढ़ी गई पुस्तक की समीक्षा लिखने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार जयप्रकाश भाटिया, सतीश कुमार व्यास आस, कवि रामेश्वर रमेश, रोहित सुकुमार, घनश्याम शर्मा बादल, मनीष भट्ट, सूर्यप्रकाश पारीक, रामावतार शर्मा, शिवलाल कुमावत, कृष्णगोपाल सेन, राजेश सेन, डॉ. सुरेन्द्र लोढ़ा, पुखराज सोनी उपस्थित थे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow