नगर निगम भरतपुर द्वारा सफाई कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ किया प्रदान

भरतपुर- नगर निगम भरतपुर ने अपने सफाई कर्मचारियों की सेवा और समर्पण को मान्यता देते हुए, 15 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद जमादार पद पर पदोन्नति प्रक्रिया को संपन्न किया है। यह महत्वपूर्ण कदम स्वच्छता के क्षेत्र में कर्मचारियों के मनोबल और कार्यक्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
नगर निगम के आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई ने बताया कि जिला कलेक्टर एवं प्रशासक डॉ. अमित कुमार यादव के निर्देशों पर यह पदोन्नति प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर पूरी की गई है। उन्होंने कहा, "सफाई कर्मचारियों ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी मेहनत और लगन को देखते हुए उनकी पदोन्नति नगर निगम की प्राथमिकता रही है।"
इस प्रक्रिया के अंतर्गत 11 सफाई कर्मचारियों को जमादार पद पर पदोन्नत किया गया है। यह निर्णय कर्मचारियों के कार्य प्रदर्शन, वरिष्ठता और नियमों के आधार पर लिया गया। पदोन्नत कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन एवं जिला कलेक्टर महोदय (प्रशासक)के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि वे नई जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। नगर निगम भरतपुर ने यह भी घोषणा की है कि भविष्य में कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए और भी सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
- कोशलेन्द्र दत्तात्रेय






