रोडवेज में अब सारथी के स्थान पर लगेंगे 20 सिविल डिफेंस से कंडक्टर

अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर रोडवेज में गबन के मामले रोकने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। कंडक्टरों की कमी को दूर करने के लिए अब बस सारथी की जगह सिविल डिफेंस से कंडक्टर लगाए जाएंगे। रोडवेज मुख्यालय की ओर से मत्स्य नगर आगार में 20 सिविल डिफेंस के कंडेक्टर लगाए जाएंगे। इसके लिए मत्स्य नगर आगार ने जिला प्रशासन को लिखा है।
मत्स्य नगर आगार के प्रशासन प्रबंधक संजय चौधरी ने बताया कि इस आगार के लिए 37 बस सारथी स्वीकृति हैं। इनमें से 21 बस स्टैंड पर लगे हुए थे। जिनमें से 4 ब्लैक लिस्ट कर दिए गए हैं। इस प्रकार अब 17 बस एजेंट बच गए हैं। 20 बस सारथी के स्थान अब 20 सिविल डिफेंस के कंडक्टर लगाए जाएंगे। डिफेंस के कंडक्टर के पास यदि बेज और लाइसेंस नहीं है तो रोडवेज बेज और लाइसेंस बनवाने में मदद करेगी। लाइसेंस व बेज बनने के बाद सिविल डिफेंस के कर्मचारी अपनी कमान संभालेंगे जिसमे प्रत्येक कंडक्टर को 15 हजार 367 रुपए महीने दिए जाएंगे। प्रत्येक कंडक्टर को 35 हजार रुपए इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन की अमानत राशि और टिकट राशि जमा करानी होगी। सभी की मॉनिटरिंग विभाग के द्वारा की जाएगी ।






