गाय को बचाने के चक्कर में पलटी बस,10 सवारियां हुई घायल
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा)
बास दयाल थाना क्षेत्र के गांव नयाबास में एक ग्रामीण बस पलट गई जिसमें करीब 10 सवारी घायल हो गई। बस के पलटने से सवारियों में अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने सवारियों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां से तीन सवारियों को गंभीर चोट लगने पर कोटपुतली ट्रॉमा सेंटर रैफर कर दिया।बास दयाल थाना हैड कांस्टेबल अमर सिंह मीणा ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे नारायणपुर से कोटपुतली वाया कराणा ग्रामीण बस बस रवाना हुई। इस दौरान नयाबास के पास गाय को बचाने के चक्कर में बस पलट गई। घटना की सूचना पर बास दयाल थाना अधिकारी सहित पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बस में 25 सवारियां थी जिसमें बस पलटने से करीब 10 सवारी घायल हो गई। सभी घायलों को कोटपुतली ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। जिनमें तीन सवारियों को गंभीर चोट आई है। बाकी सभी सवारियों को हल्की चोट आने पर उपचार के बाद घर भेज दिया गया। गंभीर घायलों में सुमन(18) पुत्री गोकुल गुर्जर निवासी पाटन सीकर, रेखा देवी(27) पत्नी महेश गुर्जर निवासी रावतो की ढाणी चैनपुरा, मंजू देवी (30)पत्नी ओमप्रकाश गुर्जर निवासी रतनपुरा का कोटपुतली जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में ईलाज जारी है।

