सुनकई में युवाओं की डिजिटल पहल लाई रंग, सफाई अभियान शुरू
सरमथुरा, (नाहर सिंह मीना) सरमथुरा तहसील के गांव सुनकई में लंबे समय से चली आ रही गंदगी की समस्या के खिलाफ स्थानीय युवाओं की डिजिटल जागरूकता और मीडिया अभियान रंग लाई है. युवाओं के अथक प्रयासों के बाद, ग्राम पंचायत वटीकरा ने आखिरकार सफाई अभियान शुरू कर दिया है. आज, 9 जुलाई 2025 से सुनकई गांव के मुख्य रास्तों से सफाई कार्य शुरू हो गया है और पूरे गांव से गंदगी हटाने का काम जारी है.
युवाओं ने पंचायत समिति सरमथुरा के एसबीएम (स्वच्छ भारत मिशन) प्रभारी अशोक शर्मा को फोन पर गांव की गंभीर गंदगी की स्थिति से अवगत कराया था. और अशोक शर्मा से पूर्व सफाई ठेकेदार दशरथ परमार की शिकायत की गई ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत वटीकरा के गांवों में सिर्फ दो बार सफाई कार्य किया, जबकि वह ग्राम पंचायत से दस बार के भुगतान की मांग कर रहा है.
इस मामले पर ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मण मीणा ने बताया कि यह गंभीर मामला सामने आते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और ग्राम पंचायत ने पूर्व ठेकेदार का भुगतान रोक दिया है. उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा ग्राम पंचायत के अधीन गांवों के सफाई कार्य की टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण यह व्यवधान उत्पन्न हुआ था.
अब नए ठेकेदार बंटी ने अपनी लेबर टीम के साथ गांव में सफाई कार्य शुरू कर दिया है. ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण मिल सके, इसके लिए अब महीने में दो बार नालियों की सफाई और हर रोज गांव में झाड़ू लगाया जाएगा. जागरूक युवाओं की यह पहल और एकजुटता दर्शाती है कि जब जनता अपनी आवाज उठाती है, तो व्यवस्था में बदलाव आता है.


