बिजली कटौती से परेशान गुगलकोटा, जोनायचा खुर्द के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, शाहजहांपुर 132 केवी जीएसएस पर दिया धरना
मुंडावर (देवराज मीणा) शाहजहांपुर के 132 केवी जीएसएस पर शुक्रवार को गुगलकोटा और जोनायचा खुर्द गांव के ग्रामीणों ने अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व गुगलकोटा सरपंच श्यामसुंदर यादव और जोनायचा खुर्द सरपंच अजीत यादव ने किया।
ग्रामीणों का कहना है कि एक सप्ताह से अधिक समय से लगातार बिजली कटौती हो रही है, जिससे क्षेत्र में पेयजल संकट, मोबाइल चार्ज करने और घरेलू कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, वे जीएसएस परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
इस मामले पर 132 केवी जीएसएस की सहायक अभियंता शिवानी गुप्ता ने कहा कि यह मामला कनिष्ठ अभियंता देशराज यादव के अधीन है, लेकिन ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि देशराज यादव फोन नहीं उठाते, जिससे जनसमस्या का समाधान नहीं हो पा रहा।
ग्रामीणों की मांग है कि बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान गूगल कोटा सरपंच श्याम सुंदर यादव, जोनायचा खुर्द सरपंच अजीत यादव, प्रवीण, संजय, प्रदीप ,संजू ,मोनू, बिजेंद्र, मुकेश, दिनेश, दाताराम, पूर्णानंद, मामन यादव, ओमपाल सिंह ,वीरेंद यादव ,सतीश यादव, सूबेसिंह यादव सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


