सेक्सटॉर्शन और फर्जी विज्ञापन से ठगी करने वाले साइबर ठगों से 9 मोबाइल और डेढ़ लाख रुपये जब्त: साइबर ठगी करते 4 आरोपी गिरफ्तार
डीग जिले की कामां थाना पुलिस ने 4 साइबर ठगों को साइबर ठगी करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 9 मोबाइल और 1 लाख 44 हजार 5 सौ रुपये जब्त किए हैं। आरोपी सेक्सटॉर्शन और फर्जी विज्ञापन डालकर ठगी करते हैं। ठगी के लिए आरोपी फर्जी सिम, चोरी के मोबाइल और फर्जी अकाउंट का उपयोग करते हैं।
थाना अधिकारी अनिल गौतम ने बताया कि 19 जुलाई को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि अंगरावली बंध के पास कुछ साइबर ठग बैठे और साइबर ठगी कर रहे हैं। तुरंत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर 4 साइबर ठगों को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की तलाशी ली गई तो, उनके पास 9 मोबाइल, 1 लाख 44 हजार 5 सौ रुपये जब्त किए गए।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह सेक्सटॉर्शन के जरिए लोगों को फंसाते हैं। जिसके बाद उन्हें ब्लैकमेल कर ठगी करते हैं। ठगी के लिए वह फर्जी ATM कार्ड, चोरी के मोबाइल, फर्जी सिम कार्ड, फर्जी फर्जी अकाउंट का उपयोग करते हैं। इसके अलावा सस्ते दामों पर ड्राई फ्रूट, लग्जरी होटल में सस्ते दामों में रूम बुक करने का विज्ञापन सोशल मीडिया पर डालकर ठगी करते हैं।