चार्जिंग में लगी स्कूटी में आग: घर में खड़ी दूसरी बाइक, स्कूटी व साइकिल भी जल गई
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के वार्ड 28 में रामानन्द नगर निवासी लोकेश यादव के घर में बुधवार रात को चार्जिंग में लगी स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी के अलावा बगल में खड़ी बाइक, स्कूटी व साइकिल भी जल गई। घर भी पूरा काला हो गया। वहीं कई टाइल्स भी चटक गई। घर के लोगों ने ही आग को बुझाया। समय पर आग को बुझा लिया वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
दीपक यादव ने बताया कि रोज की भांति रात 10 बजे घर के पोर्च में इलेक्ट्रिक स्कूटी को चार्जिंग में लगा सोने चला गया। रात करीब 2 बजे धमाके के साथ शीशे चटकने की आवाज आने पर उसका भाई लोकेश यादव उठा। नीचे देखा तो पोर्च में आग और धुंए का गुबार बना हुआ था। उन्होंने पोर्च का गेट खोलने की कोशिश लेकिन आग अत्यधिक होने के कारण गेट नहीं खुल पाया।
फिर घर के दूसरे दरवाजे से आग वाले स्थान पर पहुंचे। आग ने विकराल रूप लिया हुआ था। घर वालो ने बड़ी मुश्किल से पानी डालकर कुछ हद तक आग को काबू किया। लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जल कर खाक हो गई। इस स्कूटी ने घर मे खड़े अन्य पेट्रोल वाहन एक मोटरसाइकिल, दूसरी TVS स्कूटी व साईकिल भी जल गई। गनीमत रही ही कि वाहनो के पेट्रोल टैंक ने आग नहीं पकड़ी अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता।
धुआं से घर का बाहरी हिस्सा काला पड़ा - धुआं से घर का बाहरी हिस्सा काला पड़ गया। घर के अंदर की टाइल्स भी चटक गई। पूरा घर काला पड़ने से काफी नुकसान हुआ है। टाइल्स भी टूटी हैं। परिवार के लोगों को आग बुझाने में काफी मशक्कत लगी।