'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत हुआ भव्य जागरूकता कार्यक्रम; विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ली आजीवन नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा
उदयपुरवाटी/पहाड़िला ( सुमेर सिंह राव)। निकटवर्ती पहाड़िला गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में मंगलवार को नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के 'नशा मुक्त भारत अभियान', गृह मंत्रालय के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के 'मिशन स्पंदन' तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की 'माय भारत' पहल के संयुक्त राष्ट्रीय संकल्प के अंतर्गत आयोजित किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा संचालित 'दस करोड़ नशा मुक्त भारत प्रतिज्ञा महा अभियान' के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति के गुरुमंत्र दिए गए।
नशा जीवन को अंधकार की ओर ले जाता है: सुनीता दीदी
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सुनीता दीदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा जीवन को विनाश और अंधकार की ओर ले जाता है, जबकि नशा मुक्त जीवन ही एक स्वस्थ, सुखी और सफल भविष्य की असली नींव है।
उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। दीदी ने युवाओं को अपनी आंतरिक शक्तियों को पहचानने और सकारात्मक व मूल्यनिष्ठ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों को राजयोग मेडिटेशन (ध्यान) का महत्व बताते हुए इसका व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया।
आजीवन नशे से दूर रहने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षकगणों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक आजीवन हर प्रकार के व्यसन और नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की दृढ़ प्रतिज्ञा ली।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को सही राह दिखाने और इस प्रेरणादायक आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारी परिवार का सहृदय आभार व्यक्त किया।

