भिवाड़ी में 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने वायु प्रदूषण नियंत्रण कार्यशाला में लिया भाग

Oct 13, 2026 - 18:26
 0
भिवाड़ी में 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने वायु प्रदूषण नियंत्रण कार्यशाला में लिया भाग

खैरथल (हीरालाल भूरानी)

खैरथल/भिवाड़ी। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय भिवाड़ी की ओर से मंगलवार को पथरेड़ी स्थित MSME टेक्नोलॉजी सेंटर में औद्योगिक इकाइयों में वायु प्रदूषण नियंत्रण और ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अर्धदिवसीय जागरूकता-सह-प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) एवं वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के नए निर्देशों की जानकारी देते हुए उद्योगों को कड़े अनुपालन के निर्देश दिए गए।

1 अक्टूबर से लागू हुए नए उत्सर्जन मानक

कार्यशाला में अधिकारियों ने बताया कि CAQM के निर्देश संख्या 98 के तहत 1 अक्टूबर 2026 से पार्टिकुलेट मैटर (PM) उत्सर्जन की अधिकतम सीमा 50 मिलीग्राम प्रति सामान्य घन मीटर (mg/Nm³) निर्धारित की गई है। इसके लिए उद्योगों को बैग फिल्टर सहित वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों (APCDs) को सदैव कार्यशील रखने और उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

85% डेटा उपलब्धता अनिवार्य, सर्वर से कनेक्टिविटी पर जोर

बैठक में ऑनलाइन सतत उत्सर्जन निगरानी प्रणाली (OCEMS) की स्थापना और CPCB के नए सर्वर से निर्बाध कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि CPCB सर्वर पर कम से कम 85 प्रतिशत डेटा उपलब्धता बनाए रखना अनिवार्य है। केवल उपकरण लगाना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि डेटा का नियमित प्रेषण भी सुनिश्चित करना होगा।

अलर्ट प्रणाली: रेड अलर्ट मिलने पर सीधे बंदी की कार्रवाई

CPCB द्वारा 30 सितंबर 2026 से लागू येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट प्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि:

  • येलो व ऑरेंज अलर्ट: मिलने पर उद्योगों को तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई कर साक्ष्य CPCB सर्वर पर अपलोड करने होंगे।

  • रेड अलर्ट: मिलने पर संबंधित इकाई का औचक निरीक्षण किया जाएगा। यदि उपकरणों के संचालन में लापरवाही या उत्सर्जन मानकों का उल्लंघन पाया गया, तो बिना किसी पूर्व नोटिस के उद्योग बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।

100 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों ने लिया भाग

कार्यशाला के दौरान सर्वर कनेक्टिविटी और डेटा प्रेषण की तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किया गया। इस दौरान भिवाड़ी क्षेत्र की 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन, भिवाड़ी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन एवं लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी अमित जुयाल, अंकुर पाठक, रोहित मीणा, सुमित दहिया व अश्विनी बेनीवाल तथा उद्योग जगत से चौधरी जसबीर, जी.एल. स्वामी, सरजीत यादव, राम प्रकाश और अजित यादव सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................