खेड़ली स्टेशन से पहले ईदगाह–बांदीकुई मेमू ट्रेन का पहिया पटरी से उतरा: चालक की सूझबूझ से रुका बड़ा हादसा, डीआरएम पहुंचे मौके पर
अलवर (अनिल कुमार गुप्ता)
नदबई–खेड़ली रेलखंड पर मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया। ईदगाह से बांदीकुई की ओर जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन का एक पहिया अचानक पटरी से उतर गया। पहिया उतरते ही ट्रेन में तेज झटका लगा और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी व हड़कंप मच गया। हालांकि, घटना की जानकारी मिलते ही चालक ने तत्काल ट्रेन को रोक लिया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
नदबई स्टेशन से निकलने के बाद हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार (13 अक्टूबर 2026) को गाड़ी संख्या 64621 ईदगाह–बांदीकुई मेमू ट्रेन नदबई स्टेशन से सुबह 11:06 बजे बांदीकुई के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान नदबई और खेड़ली स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 96/08 के पास अचानक ट्रेन के एक कोच का पहिया बेपटरी हो गया।
आगरा डीआरएम सहित उच्च अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए आगरा मंडल रेल प्रबंधक (DRM) सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। रेलवे की राहत एवं बहाली टीम ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया और ट्रेन को दुरुस्त कर रेल परिचालन को सुचारू कराया।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
रेलवे अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया है। ट्रेन का पहिया पटरी से किस वजह से उतरा, इसके तकनीकी कारणों का पता लगाने के लिए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

