खेड़ली में वैश्य समाज ने किया पालिका अध्यक्ष पवन जैन का अभिनंदन:EWS प्रमाण पत्र के लिए 480 रुपये की अनिवार्यता समाप्त
खेड़ली / दिनेश लेखी
खेड़ली। कस्बे में वैश्य समाज की कार्यकारिणी की ओर से नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष पवन जैन चौधरी का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ प्रबुद्ध नागरिकों ने पालिका अध्यक्ष का माल्यार्पण कर तथा साफा पहनाकर भावभीना सम्मान किया।
EWS प्रमाण पत्र की रसीद की अनिवार्यता हुई समाप्त
कार्यक्रम के दौरान वैश्य समाज के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मित्तल और मंत्री शशिकांत बंसल सहित अन्य सदस्यों ने नगर पालिका में ईडब्ल्यूएस (EWS) प्रमाण पत्र बनवाने के लिए वसूली जा रही 480 रुपये की रसीद की अनिवार्यता का मुद्दा उठाया। समाज के लोगों ने इसे समाप्त करने की मांग रखी, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पालिका अध्यक्ष पवन जैन चौधरी ने घोषणा की कि इस रसीद की अनिवार्यता पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इस निर्णय से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।
कस्बे के विकास और स्वच्छता शुल्क पर हुई चर्चा
समारोह में कस्बे के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पालिका अध्यक्ष ने कस्बेवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर पालिका को आर्थिक रूप से मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए नागरिक जागरूक बनें तथा घर-घर कचरा संग्रहण (डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन) शुल्क समय पर जमा कराकर अपना सहयोग दें।
समारोह में ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह में भगवान सहाय खुड़ियाना, गोपेश गोयल, अमित बंसल बिट्टू, खंडेलवाल समाज के अध्यक्ष गोकुल खंडेलवाल, जैन समाज के अध्यक्ष गंगा लहरी जैन, वैश्य महिला मंडल की अध्यक्ष मोनिका मोदी, धर्मचंद जैन, खंडेलवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष बिजेंद्र खंडेलवाल तथा खंडेलवाल वैश्य समाज की पूर्व महिला अध्यक्ष सुषमा दुसाद सहित वैश्य समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

