जमीन के मामले को लेकर हुई फायरिंग एक घायल
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
राजगढ़ थाना क्षेत्र के गढ़ गांव में प्याज की फसल लगाने के लिए बांटे पर ली गई जमीन के मामले को लेकर एक व्यक्ति ने बंदूक से फायर कर एक व्यक्ति को गम्भीर रूप घायल कर दिया तथा दूसरे व्यक्ति के साथ मारपीट की। गढ गांव निवासी पप्पूराम पुत्र लीलाराम गुर्जर ने राजगढ थाने में रिपोर्ट पेश कर बताया कि 29 जुलाई 2025 को सांय करीब छह बजे उसके पिता लीलाराम ने रामस्नेही की आराजी खसरा नम्बर 14 / 1.94 हेक्टेयर वाके ग्राम गढ तहसील रैणी में से दो बीघा जमीन प्याज की फसल लगाने के लिए बांटे पर कर रखी थी। जिसमें प्याज की फसल लगाने के लिए लीलाराम खीरा बना रहा था। इसी समय मनीष के साथ रामस्नेही खेत पर सियाराम को समझाने के लिए गए थे तो खेत पर पहले से ही सियाराम, रामचरण, रवि पुत्र रामचरण गुर्जर निवासी नांगल धन्ना तहसील रैणी हाथों में लाठी डण्डा, टांच्या, बन्दूक, फरसी से लैस होकर आ गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे इस पर उसके पिता लीलाराम ने कहा कि खेत मालिक से बात कर लो, मैने तो उक्त खेत को बांटे पर ले रखा है और प्याज की फसल लगाने की तैयारी कर रहा हूं। उक्त लोग आराजी की सुरक्षा के लिए लगे खम्भों व तारबंदी को तोडने लग गए। लीलाराम व खेत मालिक रामस्नेही ने उनकों रोका तो रवि पुत्र रामचरण ने बंदूक से फायर कर दिया। जिससे लीलाराम के दांयी आंख में छर्रा लगा तथा सियाराम, रामचरण ने लाठी फरसी से रामस्नेही पर वार किया और अन्य लोगें ने लीलाराम व रामस्नेही के साथ लात घूंसों से मारपीट कर धमकी देते हुए कहा कि उक्त आराजी को तुम्हे नही बोने देंगे। उक्त आराजी पर लगी तारबन्दी व खम्भों को तोडकर रहेंगे। लीलाराम गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना को देखने के लिए मौके पर काफी लोग एकत्रित हो गए। घायल लीलाराम को उपचार के लिए राजगढ चिकित्सालय लाया गया। जहां हालात गम्भीर होने के कारण उसे राजगढ़ से जयपुर रैफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।