श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व निकाली भव्य कलशयात्रा
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
शिव मित्र मंडल सेवा समिति की ओर से राजगढ़ कस्बे के नवीन बस स्टैंड पर 31 जुलाई से आयोजित होने वाली श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को कस्बे के गणेश पोल स्थित गणेश जी मंदिर से बैंड बाजा व डीजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गणेश मंदिर पर ध्वज व कलश का विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की गई।
कलश यात्रा कस्बे के माचाड़ी चौक, चौपड़ बाजार, गोल सर्किल व सराय बाजार होते हुए नवीन बस स्टैंड कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। कलश यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कलश यात्रा में श्रद्धालु आगे आगे अपने हाथों में ध्वजा पताका लेकर भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। वहीं महिलाएं अपने सिर पर मंगल कलश धारण कर भजन गाते हुए चल रही थी। कलश यात्रा में शिव तांडव,शिव पार्वती व राधा कृष्ण जी की जीवंत झांकी निकाली गई। श्रीमद् भागवत कथा का कार्यक्रम 31 जुलाई से प्रतिदिन 1:00 बजे से प्रभु इच्छा तक,कथा वाचक अमन भारती महाराज होंगे। वहीं प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से जागरण होगा। जागरण में प्रतिदिन अलग-अलग कलाकार अपनी हाजिरी लगाएंगे। कथा का समापन 6 अगस्त को होगा। 7 अगस्त को प्रातः 8 बजे हवन यज्ञ,साढ़े नो बजे पूर्णाहुति व दोपहर में भंडारे का आयोजन किया जाएगा।


