जयपुर में विधानसभा का भ्रमण, बानसूर भाजपा कार्यकर्ताओं ने देखा विधानसभा की कार्यवाही
बानसूर (भारत कुमार शर्मा ) बानसूर विधानसभा के पांचों मंडलों के भाजपा कार्यकर्ताओं का दल बुधवार को बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत के नेतृत्व में जयपुर पहुंचा, जहां उन्होंने राजस्थान विधानसभा का भ्रमण किया। कार्यकर्ताओं को विधानसभा परिसर का दौरा कराने के साथ-साथ सदन की कार्यवाही देखने का अवसर भी मिला।
विधायक शेखावत ने कार्यकर्ताओं को विधानसभा की कार्यप्रणाली और विधायी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार विधेयक पारित होते हैं और राज्य हित से जुड़े निर्णय लिए जाते हैं। भ्रमण के दौरान कार्यकर्ताओं ने विधानसभा म्यूजियम का भी अवलोकन किया, जहां उन्हें राजस्थान के लोकतांत्रिक इतिहास और संसदीय परंपराओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं।
कार्यकर्ताओं ने विधानसभा भवन की भव्यता और ऐतिहासिक महत्व को नजदीक से देखने का अनुभव साझा किया। इस अवसर पर विधायक शेखावत ने कहा कि युवा और कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं को समझने के लिए ऐसे भ्रमण बेहद जरूरी हैं, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और लोकतंत्र मजबूत बने। भ्रमण के अंत में कार्यकर्ताओं ने विधायक का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह अनुभव उनके लिए प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक रहा।