यूरिया और डीएपी खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग का शिकंजा; रूपवास क्षेत्र में औचक निरीक्षण के बाद विक्रेता का लाइसेंस निलंबित
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय : रबी फसल की बुवाई के पीक सीजन में किसानों को यूरिया एवं डीएपी उर्वरक की सुचारू और निर्धारित सरकारी दरों पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और जमाखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा जिले भर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
रूपवास में औचक कार्रवाई, अनियमितता पर लाइसेंस सस्पेंड
कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक राधेश्याम मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों द्वारा उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में सहायक निदेशक (बयाना) द्वारा रूपवास क्षेत्र में खाद विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान स्टॉक और रिकॉर्ड में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित उर्वरक विक्रेता का अनुज्ञापत्र (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कालाबाजारी और ओवररेटिंग करने वालों को सख्त चेतावनी
संयुक्त निदेशक राधेश्याम मीणा ने स्पष्ट किया कि रबी सीजन के दौरान जिले के किसानों को खाद की किल्लत या किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए उर्वरकों के स्टॉक और वितरण व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर है।
उन्होंने सभी खाद विक्रेताओं को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत ही उर्वरकों का विक्रय करें तथा किसानों से केवल निर्धारित मूल्य ही वसूलें। यदि कोई भी विक्रेता निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूलते, कालाबाजारी करते या अवैध भंडारण व जमाखोरी में लिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

