एसडीएम भुसावर ने कृषि महाविद्यालय में इन्टर क्लास टूर्नामेन्ट का किया उद्घाटन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) कृषि महाविद्यालय भुसावर में बुधवार को इन्टर क्लास टूर्नामेन्ट का उद्घाटन उपखण्ड अधिकारी भुसावर राधेश्याम मीना ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपखण्ड अधिकारी ने कहा कि खेल की व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका है तथा विश्व स्तर आयोजित खेल प्रतियोगिताऐं राष्ट्र प्रेम का प्रतीक बन जाती है तथा खेल में जीत राष्ट्रीय गौरव बन जाती है।
महाविद्यालय के डीन डॉ. उदय भान सिंह ने कहा कि खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है तथा खेल भावना से आपसी भाईचारा व अनुशासन पनपता है।
खेल प्रभारी एवं मैच रेफरी डॉ. मोहित कुमार ने बताया कि वॉलीबाल पुरूष वर्ग में कृषि स्नातक द्वितीय वर्ष ने तृतीय वर्ष को 2-0 तथा दूसरे मैच में चतुर्थ वर्ष ने द्वितीय वर्ष को 2-0 से हराया। वॉलीबाल पुरूष वर्ग में फाइनल मुकाबला चतुर्थ व तृतीय वर्ष में होना है। उन्होंने बताया कि वॉलीबाल महिला वर्ग में द्वितीय वर्ष ने तृतीय वर्ष को 2-0 तथा तृतीय वर्ष ने चतुर्थ वर्ष को 2-0 से हराया। महिला वर्ग में फाइनल मैच तृतीय व द्वितीय वर्ष में होगा। टेबल टेनिस महिला वर्ग में प्राची प्रथम और विनीता द्वितीय स्थान पर रही। डॉ. आकाश तंवर ने मैच कमेन्ट्री की। इस अवसर पर डॉ. एसएल यादव, भानुप्रिया पंकज, दीपक मीणा, राहुल मीणा, गीता गवारिया, प्रेम कुमारी सहित महाविद्यालय स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित थे।

