विधायक देवीसिंह शेखावत ने किया 4 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास
बानसूर (भारत कुमार शर्मा) विधायक देवीसिंह शेखावत ने आज रामपुर, सबलपुरा और कल्याणपुरा ग्राम पंचायत में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और फूल मालाओं से अभिनंदन किया।
विधायक शेखावत ने सबसे पहले सबलपुरा ग्राम पंचायत में 62.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली रामपुर रोड से मंगलवा तक नॉन पेंचेबल सड़क का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत रामपुर में 1.45 करोड़ रुपये की लागत से रामपुर से गुड़ा तक नॉन पेंचेबल सड़क का लोकार्पण किया। इसी कड़ी में उन्होंने रामपुर कस्बे में 1.88 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अटल पथ का शिलान्यास किया।
इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक को कन्या महाविद्यालय खोलने की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने बताया कि रामपुर, सबलपुरा, कल्याणपुरा, बहराम का बास, हाजीपुर सहित आसपास के गांवों की बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर विधायक शेखावत ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में कन्या महाविद्यालय की स्थापना के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।
अपने संबोधन में विधायक शेखावत ने कहा कि बानसूर विधानसभा क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रगति पर हैं। आने वाले समय में क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की धारा पहुंचाई जाएगी और किसी भी क्षेत्र को पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम अनुराग हरित, रामपुर ग्राम पंचायत सरपंच मुकेश जिलोवा, सबलपुरा सरपंच विजेंद्र यादव, कल्याणपुरा सरपंच हरफूल मीणा, पंचायत समिति सदस्य रामवतार शर्मा, pwd अधिकारी शेरसिंह मीणा,नरेन्द्र यादव, रामेश्वर दयाल, मंडल अध्यक्ष कर्ण सिंह ओला, भूपेंद्र चौहान, प्रभु दयाल एडवोकेट, ओमपाल चौहान महेश सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।