राजगढ़ में लोकतंत्र का उत्सव: दूसरे चरण में 83.84% भारी मतदान, 294 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद
राजगढ़ नगरपालिका के 40 वार्डों में 83.84% मतदान, 294 प्रत्याशियों का भाग्य EVM में बंद; 14 को होगी मतगणना
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
राजगढ़ नगरपालिका चुनाव 2026 के तहत दूसरे चरण में शुक्रवार को कस्बे के सभी 40 वार्डों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। पुलिस और प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुल 294 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम (EVM) में बंद हो गया है।
दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर उमड़ी भीड़:
रिटर्निंग अधिकारी सीमा मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि शाम 6 बजे तक कुल 83.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कस्बे के कुल 31,702 मतदाताओं में से 26,578 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह के समय मतदान प्रक्रिया धीमी गति से शुरू हुई, लेकिन दोपहर बाद केंद्रों पर वोटरों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं।
निर्दलीयों पर पुलिस का एक्शन, स्ट्रांग रूम में मशीनें सील:
मतदान के दौरान कुछ वार्डों से निर्दलीय प्रत्याशियों द्वारा अपने चुनाव चिन्ह दिखाकर मतदाताओं से वोट मांगने की शिकायतें सामने आईं। सूचना मिलते ही पुलिस की मोबाइल टीम मौके पर पहुंची और उन्हें मतदान केंद्रों से बाहर खदेड़ा।
मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम मशीनों को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच राजगढ़ के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर स्थित रूसा भवन के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित पहुंचा दिया गया है। आगामी 14 सितंबर को मतगणना के बाद प्रत्याशियों की हार-जीत का फैसला होगा।

