बदलते मौसम से बढ़ीं अस्थमा के मरीजों को परेशानियां.
लक्ष्मणगढ़ (अलवर ) कमलेश जैन
अक्तूबर माह के प्रथम सप्ताह शुरुआत में हुई बे मौसम बारिश के साथ ही मौसम के बदलते तेवर अब लोगों की सेहत पर असर डालने लगे हैं। दिन और रात के तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण अस्थमा के मरीजों को सर्वाधिक परेशानी हो रही है। अस्पताल में मरीज सांस लेने में दिक्कत की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। चिकित्सक दवा के साथ उन्हें संतुलित भोजन और विशेष सावधानी रखने की सलाह दे रहे हैं।
खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रूपेंद्र शर्मा ने बताया कि तापमान में बदलाव अस्थमा के मरीजों को परेशान करने लगता है। कई मरीज ऐसे भी हैं जिन्हें हल्की सर्दी-जुकाम या संक्रमण के बाद सांस लेने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि बीमारी से बचने के लिए संतुलित खानपान, मौसमी फल व सब्जियों का प्रयोग करें। ठंडी और तली-भुनी खाद्य वस्तुओं से परहेज करें। अस्थमा के मरीज नियमित रूप से इनहेलर का प्रयोग करें। स्वयं डॉक्टर बनकर दवा बीच में न छोड़ें। दीपावली त्यौहार में साफ सफाई के दौरान धूल-धुआं से बचाव करें, घर में साफ सफाई रखें, घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें। प्राणायाम और एक्सरसाइज (श्वास व्यायाम) फेफड़ों के लिए लाभदायक हैं।
अस्थमा के मरीजों को बदलते मौसम में पहले से सतर्क रहना चाहिए। सही दिनचर्या, संतुलित भोजन और नियमित इलाज से मरीज को आराम मिलता है। साथ ही बीमारी पर नियंत्रण किया जा सकता है।