समृद्ध भारत अभियान ने जिला कलेक्टर को लिखा पत्र, गंगा मंदिर के सामने सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के दिए सुझाव

Oct 15, 2025 - 13:58
 0
समृद्ध भारत अभियान ने जिला कलेक्टर को लिखा पत्र,  गंगा मंदिर के सामने सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के दिए सुझाव

भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने जिला प्रशासन से गंगा मंदिर के सामने स्थित सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग की है। यह मार्ग धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं।

हाल ही में इस क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के पश्चात मार्ग के स्वरूप में बदलाव आया है, किंतु सड़क की दुर्दशा के कारण आवागमन में असुविधा बनी हुई है। गुप्ता ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि गंगा मंदिर मार्ग का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर दीपावली से पूर्व पूर्ण कराया जाए, ताकि आगंतुकों एवं श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके और शहर की सुंदरता में वृद्धि हो।

समृद्ध भारत अभियान की ओर से भरतपुर जिला कलेक्टर को एक धन्यवाद पत्र भी प्रेषित किया गया है, जिसमें हाल ही में किए गए स्वच्छता अभियान, सड़कों एवं चौराहों की आकर्षक सजावट तथा अतिक्रमण हटाने के प्रभावी कार्यों के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया है।

गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन के सक्रिय प्रयासों से भरतपुर शहर का स्वरूप पहले से अधिक आकर्षक, स्वच्छ एवं व्यवस्थित दिखाई दे रहा है। नगर में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जो नागरिकों के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने हाल ही में गंगा मंदिर से गिरे छज्जे की घटना का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, किंतु चिकित्सक एवं सफाई कर्मी महिला बाल-बाल बच गए। उन्होंने आग्रह किया कि गंगा मंदिर के छज्जों की मरम्मत का कार्य अति शीघ्र कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

गुप्ता ने सेंट पीटर्स स्कूल द्वारा राजकीय भूमि पर बनाई गई चारदीवारी को तुड़वाकर सड़क चौड़ीकरण कराए जाने पर जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि चारदीवारी का मलबा अभी तक स्थल पर पड़ा हुआ है, जिसे शीघ्र हटवाया जाना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित दिखे तथा यातायात में कोई बाधा न हो। उन्होंने कहा कि सेंट पीटर्स स्कूल से मल्टीपरपज चौराहे तक दोनों ओर किए गए अतिक्रमणों को भी हटाना आवश्यक है, जिससे यातायात सुगमता से संचालित हो सके।

इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि पुराने लुपिन चौराहे पर स्थित चार-पांच दुकानों को हटाना भी आवश्यक है, ताकि जिला कलेक्टर निवास एवं पूर्व विधायक  विजय बंसल जी के निवास की ओर जाने वाली लेन चौड़ी एवं सीधी हो सके। इससे न केवल क्षेत्र का सौंदर्य बढ़ेगा बल्कि यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। गुप्ता ने आशा व्यक्त की कि यह सभी कार्य शीघ्र पूरे कराये जायें, जिससे भरतपुर शहर और अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बन सके।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................